मधुमेह से पीड़ित लोगों में अंधेपन का खतरा सामान्य लोगों की तुलना में 25 गुना अधिक हो सकता है। शुरुआती अवस्था में आंखों पर पड़ने वाले इसके प्रभाव के लक्षण दिखाई नहीं देते, ऐसे में नियमित जांच और समय पर उपचार में देरी दृष्टि के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी संदेश के साथ विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर 13 नवंबर 2026 को कोटा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कोटा, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) कोटा एवं सुवि नेत्र चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में चिकित्सालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विश्व मधुमेह दिवस जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। इस वर्ष 14 नवंबर 2026 को मनाए जाने वाले विश्व मधुमेह दिवस की थीम ‘अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज’ यानी डायबिटीज की समय पर पहचान और तुरंत उपचार रखी गई है।

कार्यक्रम में सीआईएसएफ कोटा के उप कमांडेंट श्री टी. हाओकिप, आईएमए कोटा अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता एवं मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. जी.डी. रामचंदानी मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट वक्ता रहे। सुवि नेत्र चिकित्सालय के वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. सुरेश पाण्डेय, डॉ. विदुषी शर्मा, डॉ. एस.के. गुप्ता, डॉ. निपुण बागरेचा तथा रेटिना विशेषज्ञ डॉ. सायली (मुंबई) एवं डॉ. प्रियंका शरण (जोधपुर) ने मधुमेह और आंखों की रोशनी पर पड़ने वाले इसके प्रभावों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि मधुमेह में अंधेपन का खतरा 25 गुना अधिक है, लेकिन समय पर जांच और उचित उपचार से दृष्टि को बचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में बताया गया कि भारत में दस करोड़ दस लाख से अधिक लोग पूरी तरह डायबिटीज की गिरफ्त में हैं, जबकि लगभग तेरह करोड़ साठ लाख भारतीय ‘प्री-डायबिटीज’ की स्थिति में हैं। इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन के डायबिटीज एटलस 2025 के अनुसार, वर्ष 2024 में भारत के 20–79 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 43 प्रतिशत मधुमेह पीड़ितों की बीमारी का निदान नहीं हुआ था। अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) की जानकारी के अनुसार, मधुमेह से पीड़ित लोगों में अंधेपन का खतरा मधुमेह रहित लोगों की तुलना में 25 गुना अधिक बताया गया है। चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि बीमारी की शीघ्र पहचान, नियमित जांच और उचित उपचार से दृष्टि हानि का जोखिम काफी कम किया जा सकता है।

सीआईएसएफ कोटा के उप कमांडेंट श्री टी. हाओकिप एवं आईएमए कोटा अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता ने तनाव प्रबंधन, पर्याप्त नींद और नियमित दिनचर्या के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव और अनियमित जीवनशैली शुगर नियंत्रण को प्रभावित कर सकते हैं। मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. जी.डी. रामचंदानी ने शारीरिक निष्क्रियता, बढ़ते मोटापे, मीठे पेय पदार्थों और अत्यधिक प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के सेवन पर चिंता जताई। उन्होंने बच्चों और युवाओं में स्वस्थ भोजन तथा नियमित शारीरिक गतिविधि की आदत विकसित करने की अपील की।

सुवि नेत्र चिकित्सालय के निदेशक एवं वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. सुरेश पाण्डेय ने बताया कि डायबिटिक रेटिनोपैथी यानी मधुमेह जनित रेटिना रोग शुरुआती अवस्था में बिना किसी लक्षण के बढ़ सकता है। आंखों से साफ दिखाई देना इस बात की गारंटी नहीं है कि रेटिना स्वस्थ है। उन्होंने कहा कि टाइप-2 मधुमेह का पता चलते ही पुतली फैलाकर रेटिना की विस्तृत जांच करानी चाहिए। इसके बाद सामान्यतः हर वर्ष जांच जरूरी है। अगली जांच का समय रेटिना की स्थिति और शुगर नियंत्रण के आधार पर नेत्र विशेषज्ञ तय करते हैं। बीमारी बढ़ने पर अधिक बार जांच कराने की आवश्यकता होती है।

डॉ. विदुषी शर्मा ने कहा कि रोजमर्रा की जिम्मेदारियों के बीच आंखों की जांच टालना नुकसानदायक हो सकता है। दृष्टि कमजोर होने का इंतजार करने के बजाय नियमित जांच करानी चाहिए। परिवार के सदस्यों को मरीजों की नियमित जांच, समय पर दवाइयां लेने और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने बुजुर्गों की आंखों की जांच में परिजनों की सक्रिय भागीदारी को भी जरूरी बताया।

डॉ. एस.के. गुप्ता ने बताया कि मधुमेह में मोतियाबिंद, ग्लूकोमा और रेटिना संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में केवल चश्मे का नंबर बदलवाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आंखों की संपूर्ण जांच और नियमित चिकित्सकीय देखरेख आवश्यक है।

रेटिना विशेषज्ञ डॉ. निपुण बागरेचा ने बताया कि रक्त में शुगर का स्तर बढ़ने से रेटिना की सूक्ष्म रक्त वाहिकाएं प्रभावित होती हैं। इसके कारण सूजन और रक्तस्राव हो सकता है। गंभीर अवस्था में खिंचाव के कारण पर्दा अलग होने जैसी जटिलताएं भी सामने आ सकती हैं। स्थिति के अनुसार आंख में विशेष इंजेक्शन, लेजर अथवा सर्जरी के माध्यम से उपचार किया जाता है। उन्होंने कहा कि एक बार खोई हुई दृष्टि हमेशा पूरी तरह वापस नहीं आती, इसलिए उपचार में देरी नहीं करनी चाहिए।

चिकित्सकों ने मधुमेह के साथ रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने, संतुलित आहार लेने, वजन प्रबंधन और नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकांश वयस्कों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि करने की सलाह दी। इसमें तेज चाल से पैदल चलना भी शामिल है।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों से परिवार और समाज में मधुमेह तथा इससे होने वाली आंखों की जटिलताओं के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की गई। विशेष रूप से माता-पिता और बुजुर्गों की नियमित नेत्र जांच में सहयोग करने का संदेश दिया गया, ताकि वे जीवनभर अपने परिजनों के चेहरे देख सकें। कार्यक्रम में सभी ने ‘समय पर जांच कराएं, आंखों की रोशनी बचाएं’ का संकल्प लिया।

फोटो कैप्शन: विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में सुवि नेत्र चिकित्सालय के सभागार में आईएमए कोटा, सीआईएसएफ कोटा एवं सुवि के संयुक्त कार्यक्रम में जागरूकता पोस्टर का विमोचन करते अतिथि एवं चिकित्सक।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story