लंदन के World Travel Mart 2026 में गूंजी हाड़ौती की पहचान, दीया कुमारी ने किया रोड शो
वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में चंबल रिवर फ्रंट और मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व को डॉक्यूमेंट्री से किया प्रमोट, विदेशी निवेशकों से हुआ संवाद।

लंदन में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और अन्य प्रतिनिधि राजस्थान पर्यटन का ब्रोशर दिखाते हुए।
लंदन में 2, 3 और 4 नवंबर को आयोजित वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट 2026 के शुभारंभ के अवसर पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी और होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने अपनी टीम के साथ रोड शो आयोजित किया। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन की टीम ने भी भागीदारी निभाते हुए हाड़ौती के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी और महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट के शुभारंभ पर आयोजित रोड शो में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी, पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियार, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा सहित अन्य प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी जगत से जुड़े 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान होटल फेडरेशन कोटा के मनमीत केजरीवाल और उनकी टीम ने हाड़ौती में पर्यटन की संभावनाओं, वैश्विक सहभागिता और नए निवेश अवसरों को लेकर प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया।
वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में हाड़ौती की ऐतिहासिक धरोहर, भव्य किले-महल, समृद्ध लोककला, हस्तशिल्प, वन्यजीव, खान-पान और प्राकृतिक सौंदर्य को डॉक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इसमें चंबल रिवर फ्रंट, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व और चंबल सफारी सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया।
कोटा डिवीजन की टीम ने हाड़ौती को उभरते हुए पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से क्षेत्र की समृद्ध विरासत, इतिहास, प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीव पर्यटन स्थलों का प्रस्तुतीकरण किया। इस पहल के माध्यम से हाड़ौती के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और क्षेत्र को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए गए।
अशोक माहेश्वरी और संदीप पाडिया ने बताया कि पहली बार विदेश में आयोजित वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में हाड़ौती को विशेष महत्व मिला है। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के प्रयासों से राजस्थान के अन्य संभागों के साथ हाड़ौती को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने पर्यटन का प्रचार-प्रसार और प्रमोशन करने का अवसर मिला है।
उन्होंने बताया कि आगामी समय में भी देश और विदेशों में आयोजित होने वाले ट्रैवल मार्ट में हाड़ौती की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
