लायंस क्लब कोटा का निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर सम्पन्न, 110 रोगियों ने पाई नई दृष्टि
लायंस क्लब कोटा और जिला अंधता निवारण समिति द्वारा आयोजित निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 110 मोतियाबिंद रोगियों का सफल ऑपरेशन कर उन्हें नई दृष्टि प्रदान की गई। विधायक संदीप शर्मा ने मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में इसकी सराहना की।

कोटा। समाज के कमजोर वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा पहुँचाने की दिशा में लायंस क्लब कोटा और जिला अंधता निवारण समिति ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए झालावाड़ रोड स्थित लायंस भवन में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में मोतियाबिंद से पीड़ित 207 नागरिकों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 110 रोगियों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर उन्हें नई दृष्टि प्रदान की गई।
क्लब की अध्यक्ष सोनल नंदवाना ने बताया कि शिविर में आधुनिक लेज़र तकनीक के माध्यम से नेत्र शल्य चिकित्सा की व्यवस्था की गई, जिससे सभी रोगियों का सुरक्षित और सफल उपचार सुनिश्चित हुआ। सचिव मुकेश विजय ने बताया कि ऑपरेशन के पश्चात मरीजों को उनकी सुरक्षा और देखभाल हेतु काले चश्मे वितरित किए गए।
समापन समारोह में कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने लायंस क्लब द्वारा आयोजित इस निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और इसे मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
शिविर प्रभारी एमजेएफ अशोक नुवाल ने बताया कि सभी 110 सफल ऑपरेशन वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. विशाल स्नेही द्वारा लेज़र पद्धति से संपन्न किए गए और प्रत्येक मरीज को उपयुक्त लेंस प्रत्यारोपित किया गया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों तक उच्च गुणवत्ता वाली नेत्र चिकित्सा पहुँचाना है।
समारोह में ज़ोन चैयरमेन प्रमोद विजय, एमजेएफ लायन सुधाकर बहेडिया, सुनील आनंद, पवन पारीता, शशि भंडारी, विनोद अजवानी, रीता अजवानी, मुकेश विजयवर्गीय, रमेश शर्मा सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस शिविर ने न केवल सैकड़ों लोगों को नेत्र स्वास्थ्य में लाभ पहुँचाया, बल्कि समाज में मानवीय सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
