शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण के साथ जीवन की सही दिशा भी तय करता है। शिक्षक दिवस के अवसर पर लायंस क्लब कोटा की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा और खेलकूद के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शहर के 17 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

लायंस क्लब कोटा की ओर से शिक्षक दिवस सम्मान समारोह एवं नियमित सभा का आयोजन किया गया। क्लब अध्यक्ष रमेश शर्मा ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध शिक्षाविद डॉ. रघुनंदन शर्मा रहे। इस अवसर पर शिक्षा एवं खेलकूद के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 17 शिक्षकों को शॉल, श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंट कर बहुमान किया गया। कार्यक्रम के कन्वीनर जुगल सोनी रहे, जबकि संचालन राजकुमार लड्डा व सुनीता माथुर ने किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. रघुनंदन शर्मा ने कहा कि शिक्षक का सम्मान वास्तव में गुरु द्वारा किए गए कार्यों और समाज निर्माण में उनके योगदान का सम्मान है। शिक्षक निष्ठा और समर्पण के साथ युग निर्माण का कार्य करता है। उन्होंने कबीर की पंक्तियों के माध्यम से गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा नहीं देता, बल्कि उन्हें जीवन की सही दिशा भी प्रदान करता है।

क्लब अध्यक्ष लॉयन रमेश चंद शर्मा ने कहा कि गुरु वह होता है, जो अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाए और व्यक्ति को जीवन के सही मार्ग की पहचान कराए। सचिव लॉयन लक्ष्मीकांत पारीक ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन की प्रथम शिक्षक मां होती हैं। इसके बाद जीवन में जिस किसी से भी ज्ञान और अनुभव प्राप्त होता है, वह किसी न किसी रूप में हमारा गुरु होता है।

वरिष्ठ शिक्षक टी.सी. गुप्ता ने अपने 40 वर्षों के शिक्षण अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिक्षक का कार्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण करना है। वहीं शिक्षिका नीता डांगी ने कहा कि शिक्षक की सच्ची साधना यही होनी चाहिए कि उसके शिष्य जीवन में उस ऊंचाई तक पहुंचें, जहां शिक्षक स्वयं उन्हें देखना चाहता है।

समारोह में अनूप सक्सेना, अर्पणा शर्मा, डॉ. नमिता पारीक, दिव्या पुरोहित, हरिओम गौतम, कौशल किशोर शर्मा, नीता डांगी, पूनम शर्मा, प्रभा पुरोहित, राधा राठौड़, राजीव विजय, रामावतार नागर, रश्मि पारीक, रवींद्र विजय, रुक्मणी कुमावत, सुनीता शर्मा एवं दीपक पांचाल को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, ध्वज वंदना, सामूहिक प्रार्थना एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। सितंबर माह में जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगांठ वाले लायन सदस्यों को भी शुभकामनाएं दी गईं तथा क्लब में शामिल नए सदस्यों का स्वागत किया गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story