लायंस क्लब कोटा साउथ का शपथ ग्रहण समारोह आज, सुधा शर्मा संभालेंगी अध्यक्ष पद, नई टीम लेगी सेवा का संकल्प
लायंस क्लब कोटा साउथ के लायनिस्टिक वर्ष 2026-27 का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को होटल सेवन डब्ल्यू, वल्लभबाड़ी में आयोजित होगा। 'फ्लाइट ऑफ ड्रीम्स' थीम के तहत लायन सुधा शर्मा अध्यक्ष पद संभालेंगी, जबकि नई कार्यकारिणी समाज सेवा के नए संकल्प के साथ कार्यभार ग्रहण करेगी।

कोटा, 18 जुलाई। लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-ई2 के अंतर्गत लायंस क्लब कोटा साउथ के लायनिस्टिक वर्ष 2026-27 के नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह रविवार को आयोजित किया जाएगा। यह गरिमामयी कार्यक्रम वल्लभबाड़ी स्थित होटल सेवन डब्ल्यू (चौहान कार्गो के पास) में सायंकाल 7:30 बजे से शुरू होगा। इस वर्ष समारोह का आयोजन 'फ्लाइट ऑफ ड्रीम्स' थीम के तहत किया जा रहा है, जिसमें समाज सेवा के नए संकल्प के साथ नई कार्यकारिणी औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण करेगी।
समारोह में डिस्ट्रिक्ट 3233 जी1 की पूर्व जिला गवर्नर पीएमजेएफ लायन रश्मि गुप्ता मुख्य अतिथि एवं मुख्य शपथ अधिकारी (इंस्टॉलेशन ऑफिसर) के रूप में उपस्थित रहेंगी। वे नवनियुक्त पदाधिकारियों को सेवा और पद की निष्ठा की शपथ दिलाएंगी।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट 3233 ई2 के पूर्व जिला गवर्नर पीएमजेएफ लायन राजेंद्र अग्रवाल विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए क्लब की आगामी सेवा गतिविधियों और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
समारोह के दौरान लायनिस्टिक वर्ष 2026-27 के लिए नवनियुक्त अध्यक्ष लायन सुधा शर्मा, सचिव लायन डॉ. अनामिका राठौड़ तथा कोषाध्यक्ष लायन प्रतिभा गुप्ता आधिकारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
नवनियुक्त अध्यक्ष लायन सुधा शर्मा ने बताया कि नई कार्यकारिणी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और असहाय वर्ग के उत्थान के लिए विभिन्न जनहितैषी योजनाओं पर पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करेगी। यह शपथ ग्रहण समारोह नई टीम के नेतृत्व में क्लब की आगामी सेवा गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों की दिशा तय करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
