लायंस क्लब कोटा की चार्टर नाइट में वरिष्ठ सदस्य सम्मानित, 18 नए जुड़े
प्रांतपाल डॉ. निशांत जैन ने सेवा प्रकल्पों का निरीक्षण किया; क्लब ने 480 यूनिट रक्तदान व नेत्र शिविरों का ब्यौरा दिया।

लायंस क्लब कोटा की चार्टर नाइट व दीपावली मिलन में प्रांतपाल डॉ. निशांत जैन व अन्य पदाधिकारी मंच पर।
सेवा और संगठन के प्रति दशकों से समर्पित सदस्यों के सम्मान के साथ 18 नए सदस्यों के जुड़ाव ने लायंस क्लब कोटा की चार्टर नाइट को विशेष बना दिया। लायंस इंटरनेशनल के अंतर्गत लायंस क्लब कोटा (डिस्ट्रिक्ट 3233 E2) की ओर से चार्टर नाइट, दीपावली मिलन समारोह एवं प्रांतपाल विजिट का आयोजन किया गया। समारोह में 35 वर्ष और 60 वर्ष से अधिक समय से संगठन से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित किया गया, वहीं 18 नए सदस्यों ने शपथ लेकर लायंस परिवार की सदस्यता ग्रहण की।
क्लब अध्यक्ष रमेश शर्मा ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि प्रांतपाल एमजेएफ लायन डॉ. निशांत जैन ने लंबे समय से संगठन की सेवा कर रहे वरिष्ठ सदस्यों को इंटरनेशनल पिन पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान संगठन से 18 नवजुड़े सदस्यों को शपथ दिलाई गई।
क्लब सचिव लक्ष्मीकांत पारीक ने बताया कि कोटा प्रवास के दौरान प्रांतपाल डॉ. निशांत जैन ने क्लब की विभिन्न स्थायी सेवा गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन क्षेत्र स्थित क्लब संपत्ति, बसंत विहार में संचालित महिला स्वरोजगार केंद्र तथा एरोड्रम सर्किल के सामने लायंस भवन में संचालित नेत्र चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इन सेवा प्रकल्पों के माध्यम से जरूरतमंद वर्गों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने क्लब के प्रयासों की सराहना की और इन्हें अनुकरणीय बताया।
रात्रिकालीन सत्र में क्लब की आमसभा के साथ चार्टर नाइट एवं दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रांतपाल एमजेएफ लायन डॉ. निशांत जैन मुख्य अतिथि तथा प्रथम उपप्रांतपाल एमजेएफ लायन सीपी विजयवर्गीय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रांतपाल डॉ. निशांत जैन ने लायंस इंटरनेशनल की वैश्विक सेवा गतिविधियों, संगठन के उद्देश्यों और लायनवाद के मूल सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने सदस्यों से सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रथम उपप्रांतपाल सीपी विजयवर्गीय ने आगामी वर्ष की सेवा गतिविधियों की कार्ययोजना और प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स के बारे में बताया। उन्होंने चार्टर नाइट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे क्लब की स्थापना, गौरवशाली परंपराओं और सेवा संकल्पों को स्मरण करने का विशेष अवसर बताया।
सचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए लक्ष्मीकांत पारीक ने क्लब की ओर से संचालित सेवा गतिविधियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि क्लब अब तक दो रक्तदान शिविर आयोजित कर चुका है, जिनमें लगभग 480 यूनिट रक्तदान हुआ है। इसके अतिरिक्त चार निःशुल्क नेत्र शिविरों के माध्यम से मोतियाबिंद के मरीजों के ऑपरेशन करवाए गए हैं। उन्होंने आगामी 7 दिसंबर को प्रस्तावित नेत्र शिविर की जानकारी भी दी।
आमसभा के समापन के बाद आकर्षक आतिशबाजी के बीच दीपावली मिलन समारोह का उल्लास देखने को मिला। विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों ने आयोजन को उत्सवी स्वरूप दिया। क्लब सदस्यों ने परिवार सहित समारोह में भाग लेकर आपसी सौहार्द और संगठनात्मक एकता का परिचय दिया। कार्यक्रम का संचालन मुकेश विजयवर्गीय एवं कुसुम विजयवर्गीय ने किया।
चार्टर नाइट में वरिष्ठ सदस्यों के दीर्घकालीन सेवा योगदान का सम्मान, नए सदस्यों का शपथ ग्रहण और क्लब के सेवा प्रकल्पों की समीक्षा आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
