कोटा/सांगोद, 27 दिसंबर। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शनिवार को सांगोद क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर कोटड़ी को नई ग्राम पंचायत के रूप में स्थापित किए जाने पर नागरिक अभिनंदन प्राप्त किया। मंत्री नागर को ग्रामीणों ने सम्मानपूर्वक स्वागत किया और उनकी उपस्थिति ने गांववासियों में उत्साह का माहौल पैदा कर दिया।

मंत्री नागर ने इस अवसर पर कहा कि कोटड़ी को पंचायत बनाने की मांग ग्रामीणों की वर्षों पुरानी थी, जो अब पूरी हो गई है। पंचायत मुख्यालय की निकटता से प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि होगी और पंचायत के कामकाज में आसानी आएगी। इस अवसर पर जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, उपप्रधान ओम नागर अडूसा, मंडल अध्यक्ष कृष्ण मुरारी मेहता, शहर मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी, क्रय विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष ओम मेहता, नरेन्द्र मोहन गौतम, तेज प्रताप सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान मंत्री नागर अमृतकुआं भी पहुंचे। यहां उन्होंने तरकस्या से अमृतकुआं तक बन रही नई सड़क पर पुलिया की जांच को लेकर ग्रामीणों की मांग सुनी। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया की नींव केवल एक फुट गहरी खोदी गई थी, जबकि यह सड़क की सबसे बड़ी पुलिया है और पूरे क्षेत्र के खेतों का पानी इसी पुलिया से निकलता है। इस पर मंत्री नागर ने मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों से चर्चा कर पुलिया के शिलान्यास को रोक दिया। एक्सईएन रामप्रसाद जाटव ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण का भरोसा दिलाते हुए पुलिया को हटवाने का निर्णय लिया।

इस दौरे के दौरान मंत्री नागर ने सांगोद क्षेत्र में कुल 10.85 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इनमें गुरायरा से बीलेश्वर महादेव मंदिर तक 2.49 करोड़ रुपए की डामरीकरण कार्य, हरिपुरा से जोलपा रोड हींगी तक 3.20 करोड़ रुपए का प्रस्तावित डामरीकरण, अमृतकुआं से तरकस्या तक 1.69 करोड़ रुपए की सड़क डामरीकरण, किशनपुरा से गाडरवाड़ा तक 1.48 करोड़ रुपए का डामरीकरण, और चतरपुरा से डोबड़ा तक 1.99 करोड़ रुपए की सड़क डामरीकरण कार्य शामिल हैं।

मंत्री नागर का यह दौरा न केवल ग्रामीणों की प्रशासनिक जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण साबित होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास और सड़क संपर्क में सुधार की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगा।

Next Story