यंगथॉन 3.0 के लिए 3500 से अधिक पंजीयन, ओम बिरला ने पोस्टर का किया विमोचन
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजकीय विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए आयोजित 'रन फॉर एजुकेशन' पहल की सराहना की।

कोटा में यंगथॉन 3.0 'रन फॉर एजुकेशन' के पोस्टर विमोचन के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (केंद्र में) के साथ यंग इंडियंस कोटा चैप्टर के सदस्य।
कोटा में शिक्षा के लिए आयोजित होने वाली यंगथॉन 3.0 को लेकर प्रतिभागियों में उत्साह बढ़ रहा है। शनिवार को ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि तक जयपुर, उदयपुर सहित समूचे हाड़ौती संभाग से 3500 से अधिक प्रतिभागियों ने दौड़ के लिए पंजीकरण कराया। इस बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यंगथॉन 3.0 के पोस्टर का विमोचन कर सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी इस पहल की सराहना की।
यंग इंडियंस कोटा चैप्टर और रियल टेंपल्स ऑफ इंडिया की ओर से 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली इस दौड़ की थीम ‘रन फॉर एजुकेशन’ रखी गई है। इसका उद्देश्य चयनित राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। इसके तहत विद्यालयों में फर्नीचर, आरओ वाटर प्यूरीफायर, नोटबुक सहित विद्यार्थियों के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने में मदद की जाएगी। पोस्टर विमोचन के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शिक्षा सुविधाओं के विकास से जुड़ी ऐसी पहल को महत्वपूर्ण बताया।
यंगथॉन के आयोजन को लेकर चैप्टर चेयर अंकित राठी और को-चेयर अंकित गुप्ता ने बताया कि शनिवार को ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। हालांकि, निर्धारित समय तक पंजीकरण नहीं करा सके प्रतिभागियों को भी इसमें शामिल होने का अवसर मिलेगा। ऐसे प्रतिभागी 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले एक्सपो डे पर मौके पर ही पंजीकरण करा सकेंगे।
यंगथॉन 3.0 के तहत 5 किलोमीटर की फन रन एवं वॉक और 10 किलोमीटर की टाइम्ड रन आयोजित की जाएगी। इसमें 18 से 100 वर्ष तक की आयु के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। दौड़ 25 अक्टूबर को सुबह 6 बजे श्री उम्मेद क्लब, नयापुरा से शुरू होगी। सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित यह दौड़ शिक्षा के लिए सामूहिक भागीदारी का अवसर प्रदान करेगी।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
