विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कोटा ग्रीन कम्युनिटी, वाइल्डलाइफ डिवीजन कोटा, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल तथा पैडल फॉर साइकिल के संयुक्त तत्वावधान में साइकिल रैली एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवनशैली और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।

कोटा ग्रीन कम्युनिटी के संस्थापक प्रणव राज सिंह खींची ने बताया कि प्रातः नयापुरा चिड़ियाघर से अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क तक साइकिल रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों, युवाओं, प्रकृति प्रेमियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने का संदेश दिया।

साइकिल रैली के उपरांत अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान अर्जुन, विजयसार, चंदन, बहेड़ा, बोर, पुत्रंजीवा, गुलमोहर, अमलतास, जकरंडा, बरगद और कदंब सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 300 पौधे रोपे गए। प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सतत प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) सुगनाराम जाट, उप वन संरक्षक (डीसीएफ) अनुराग भटनागर, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की क्षेत्रीय अधिकारी योग्यता सिंह, सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) पंकज मीणा, नेचर प्रमोटर ए.एच. जैदी, वन रक्षक मनोज शर्मा, बुधराम जाट, प्रेम कंवर शक्तावत, पर्यावरणविद् वीर राघवाचार्य, मनीष त्रिपाठी, रितेश जैन, रामावतार सुमन, मनोहर द्विवेदी और विनीत महोबिया सहित बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमी उपस्थित रहे।

प्रणव राज सिंह खींची ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर जनआंदोलन का रूप ले, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प और हरित भविष्य के संदेश के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story