कोटा, 20 अप्रैल। राजस्थान के ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर ने कोटा की भामाशाह मंडी और विभिन्न क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद की व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सर्किट हाउस में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीद की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भारतीय खाद्य निगम (FCI) द्वारा भामाशाह मंडी में प्रतिदिन 80 हजार कट्टे गेहूं की तुलाई की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खरीद की गति बढ़ाने और मंडियों से गेहूं का समय पर उठाव करने पर जोर दिया, ताकि पंजीकृत सभी किसानों की फसल की समयबद्ध खरीद पूरी हो सके। श्री नागर ने इस प्रक्रिया में तेजी लाने हेतु प्राथमिकता के आधार पर रेक लगाने के आदेश दिए।

बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने संभाग में उत्पादन वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष बुआई अधिक होने के कारण गेहूं का उत्पादन पिछले वर्ष के मुकाबले बढ़ा है, लिहाजा कोटा संभाग में निर्धारित लक्ष्य से अधिक खरीद की तैयारियां अभी से पूर्ण रखी जाएं। उन्होंने एफसीआई के गोदामों में वाहनों को खाली करने की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कार्य क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के मध्य ही श्री नागर ने एफसीआई के महाप्रबंधक राजेश चौधरी से दूरभाष पर वार्ता की और गोदामों में अनलोडिंग की गति बढ़ाने, अतिरिक्त श्रमिकों की व्यवस्था करने तथा बड़ी मंडियों से रोटेशन के आधार पर रेक संचालित करने को कहा ताकि केंद्रों पर अनाज के ढेर न लगें। उन्होंने आगाह किया कि पर्याप्त स्टोरेज न होने की स्थिति में मंडियों और केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया बाधित हो सकती है।

ऊर्जा मंत्री ने राजफैड, तिलमसंघ एवं अन्य एजेंसियों से खरीद व भुगतान व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को उनके पंजीकरण के अनुपात में समय पर कूपन जारी किए जाएं ताकि वे बिना असुविधा के केंद्रों तक पहुंच सकें। भंडारण की समस्या को देखते हुए उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर सहकारिता विभाग के गोदामों को किराए पर लेने का भी सुझाव दिया। इसी क्रम में श्री नागर ने एफसीआई द्वारा आपूर्ति किए गए बारदाने की खराब गुणवत्ता, दीमक लगे होने और फटे होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। बैठक में जिला कलेक्टर पीयूष समारिया, एडीएम प्रशासन वीरेंद्र सिंह यादव, सांगोद प्रधान जयवीर सिंह, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, डीएसओ कुशाल बिलाला और बलविंदर सिंह गिल सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story