कोटा में विद्या भारती शिक्षा संस्थान जिला कोटा द्वारा आयोजित 'प्रतिभा सम्मान समारोह-2026' में शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रमुखता से गूंजा। महावीर नगर तृतीय स्थित स्वामी विवेकानन्द विद्या निकेतन परिसर के श्रीरामशान्ताय सभागार में आयोजित समारोह में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करे और शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि संस्कारवान और चरित्रवान नागरिक बनना होना चाहिए।

समारोह की अध्यक्षता राजस्थान उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता विरेन्द्र साहू ने की। मुख्य अतिथि के रूप में ऐलन करियर इंस्टीट्यूट के निदेशक राजेश माहेश्वरी उपस्थित रहे, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कोटा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीलेश जैन ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्बोधन विद्या भारती चित्तौड़ प्रान्त के प्रान्त सचिव मानेंग पटेल ने दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट परिणाम देने वाले विद्या भारती से सम्बद्ध विद्यालयों, प्राचार्यों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि विद्या भारती संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ देश को राष्ट्रभक्त, सुसंस्कृत और चरित्रवान नागरिक देने का महायज्ञ कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सफलता कभी संयोग नहीं होती, बल्कि यह रोजमर्रा के छोटे-छोटे प्रयासों, त्याग और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का संचित परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हाथों में मौजूद प्रमाण पत्र और मोमेंटो उनके माता-पिता की उम्मीदों, त्याग और अनगिनत जागी हुई रातों का प्रतिफल हैं।

ऊर्जा मंत्री ने वर्तमान शिक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश में डिग्री बांटने वाले संस्थानों की कमी नहीं है, लेकिन जो शिक्षा के साथ 'दीक्षा' और ज्ञान के साथ 'संस्कार' प्रदान करे, वही वास्तविक शिक्षा है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती दशकों से इस पुनीत कार्य को पूरी निष्ठा के साथ कर रही है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी शिक्षित व्यक्ति में राष्ट्र के प्रति प्रेम और समाज के प्रति करुणा नहीं है, तो उसकी शिक्षा व्यर्थ है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऐसी प्रतिभा विकसित करें, जो केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज, राजस्थान और राष्ट्र के उत्थान के लिए समर्पित हो।

हीरालाल नागर ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में 'मेक इन इंडिया', 'डिजिटल इंडिया' और 'स्टार्टअप इंडिया' जैसी पहल के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार 'स्वर्णिम राजस्थान' के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऊर्जा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले जर्जर ढांचे को दूर कर विद्युत संयंत्रों में उत्पादन बढ़ाया है और विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है ताकि उद्योगों और शिक्षा को निर्बाध गति मिल सके, लेकिन इस बुनियादी ढांचे को वास्तविक मजबूती युवाओं के नवाचारों से ही मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से परिश्रम, ईश्वर की कृपा और राष्ट्र सर्वोपरि के भाव के साथ देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन सतीश गौतम ने किया, जबकि अंत में महावीर गौतम ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्राचार्यों, विद्यालयों और खिलाड़ियों के सम्मान के साथ शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story