कोटा विश्वविद्यालय में पर्यटन और आतिथ्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू
कोटा विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए बीटीटीएम, एमटीटीएम और विभिन्न पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की है।

कोटा विश्वविद्यालय में कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत को पुष्पगुच्छ भेंट करते विभाग के प्रतिनिधि।
वैश्विक पर्यटन और आतिथ्य उद्योग में बढ़ती रोजगार की अपार संभावनाओं को देखते हुए कोटा विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपने पर्यटन एवं आतिथ्य प्रबंधन विभाग में प्रवेश प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ कर दिया है। यह कदम न केवल युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर के नए द्वार खोलेगा, बल्कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विजन के अनुरूप उन्हें वैश्विक उद्योग की आवश्यकताओं के लिए तैयार भी करेगा। प्रवेश प्रक्रिया की घोषणा के समय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए इसे भविष्य की बड़ी उपलब्धि बताया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र आज विश्व की सबसे तीव्र गति से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, जहाँ कुशल और प्रशिक्षित युवाओं की निरंतर मांग बनी हुई है। कुलगुरु प्रो. सारस्वत ने इस अवसर पर स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य उद्योग-आधारित शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि पर्यटन, ट्रैवल, इवेंट मैनेजमेंट, मेडिकल टूरिज्म और एग्रो टूरिज्म जैसे उभरते क्षेत्रों पर केंद्रित ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि उन्हें व्यावहारिक दक्षता के साथ बाजार की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाएंगे।
विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अनुकृति शर्मा ने पाठ्यक्रमों का विवरण देते हुए बताया कि विभाग द्वारा तीन वर्षीय बैचलर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट में 30 सीटों और दो वर्षीय मास्टर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट में 20 सीटों पर प्रवेश दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, विभाग एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा के तीन विशेषीकृत पाठ्यक्रम भी संचालित कर रहा है, जिनमें एग्रो टूरिज्म, मेडिकल टूरिज्म और इवेंट मैनेजमेंट शामिल हैं। इन तीनों डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में 10-10 सीटें निर्धारित की गई हैं। यह पाठ्यक्रम विशेष रूप से ग्रामीण उद्यमिता, स्वास्थ्य सेवा और बड़े कॉर्पोरेट आयोजनों के प्रबंधन में निपुणता विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं।
शिक्षा को प्रभावी बनाने के लिए विभाग द्वारा इंटर्नशिप, फील्ड विजिट और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों के माध्यम से छात्रों को व्यापक अनुभव प्रदान किया जाएगा। प्रो. शर्मा के अनुसार, छात्रों के करियर मार्गदर्शन और प्रतिष्ठित होटल व पर्यटन संस्थानों में प्लेसमेंट सुनिश्चित करने के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अकादमिक उत्कृष्टता और व्यावहारिक प्रशिक्षण का यह अनूठा संगम कोटा विश्वविद्यालय के छात्रों को पर्यटन जगत के वैश्विक परिदृश्य में एक नई पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
