कोटा: उम्मेदगंज कचरा ट्रांसफर स्टेशन का विरोध, विधायक ने लिखा पत्र
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने पर्यावरण और जनस्वास्थ्य का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कचरा स्टेशन को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।

लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने नगर निगम कोटा उत्तर के वार्ड नं. 17 स्थित उम्मेदगंज क्षेत्र में प्रस्तावित कचरा ट्रांसफर स्टेशन को लेकर गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए इसके संचालन को रोकने और इसे अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा को पत्र प्रेषित किया है।
विधायक ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि उम्मेदगंज में नगर निगम द्वारा आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण किया गया है, किंतु चयनित स्थल पर्यावरण, जनस्वास्थ्य एवं सामाजिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील एवं अनुपयुक्त है। उन्होंने चेताया कि इस स्थल पर कचरा ट्रांसफर स्टेशन के संचालन से भारी वाहनों, विशेष रूप से ट्रकों, का निरंतर आवागमन होगा, जिससे क्षेत्र में यातायात दबाव अत्यधिक बढ़ेगा और दुर्घटनाओं की संभावना गंभीर रूप से बढ़ जाएगी।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित स्थल के निकट स्थित पक्षी विहार एवं दांई मुख्य नहर (कैनाल) पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन और स्थानीय जैव विविधता को नुकसान पहुंच सकता है। विधायक ने इस मुद्दे की पूर्व में भी गंभीरता से उठान का उल्लेख करते हुए बताया कि 15वीं विधानसभा के अष्टम सत्र तथा 16वीं विधानसभा के चतुर्थ सत्र में भी यह विषय प्रमुखता से उठाया गया था, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस एवं प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई है।
विधायक कल्पना देवी ने मुख्यमंत्री एवं संबंधित मंत्री से जनहित और पर्यावरणीय दृष्टिकोण को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हुए मांग की है कि उक्त कचरा ट्रांसफर स्टेशन को प्रारंभ न किया जाए और इसे किसी उपयुक्त एवं कम संवेदनशील स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही वर्तमान स्थल पर क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप जन-उपयोगी योजना, जैसे पार्क, सामुदायिक केंद्र अथवा अन्य सार्वजनिक सुविधा का विकास किया जाए। यह मुद्दा अब स्थानीय पर्यावरण, जनस्वास्थ्य और शहरी नियोजन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बनकर उभरा है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
