कोटा की प्रतिभावान ट्रैप शूटर नंदीका सिंह ने दिल्ली की डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतिष्ठित बरेटा शॉटगन गोल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतकर कोटा और राजस्थान का नाम रोशन किया है। 8 से 13 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नंदीका ने सीनियर वुमेन ट्रैप शूटिंग कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई दिग्गज और अनुभवी खिलाड़ियों को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

विश्व विख्यात कंपनी बरेटा की 500वीं वर्षगांठ के अवसर पर नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के 300 से अधिक शीर्ष अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय शॉटगन शूटर्स ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले के बीच नंदीका ने अपनी निशानेबाजी का दम दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

नंदीका के पिता एवं कोच अशोक पाल सिंह ने बताया कि इसी वर्ष नंदीका ने ट्रैप शूटिंग में स्टेट चैंपियन का खिताब जीतने के साथ ही ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी कॉम्पिटिशन में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था। शॉटगन शूटिंग में यह उनका मात्र तीसरा वर्ष है। इससे पहले वह पिस्टल शूटिंग में भी कई पदक जीत चुकी हैं। अब तक राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में 20 से अधिक पदक जीतकर वह कोटा और राजस्थान का नाम रोशन कर चुकी हैं।

अशोक पाल सिंह ने बताया कि शॉटगन शूटिंग बेहद खर्चीला और चुनौतीपूर्ण खेल है। इसमें सफलता हासिल करने के लिए अत्यधिक मानसिक एकाग्रता और निरंतर अभ्यास की आवश्यकता होती है। मात्र तीन साल के अल्प समय में शीर्ष स्तर पर पहुंचने वाली नंदीका का मुख्य लक्ष्य देश के लिए ओलंपिक का पहला महिला ट्रैप शूटिंग गोल्ड मेडल जीतना है।

इस सफलता का श्रेय शॉटगन कोच केसरी सिंह नाचना के विशेष मार्गदर्शन तथा कोटा जिला प्रशासन एवं जिला कलेक्टर कार्यालय से समय-समय पर मिले सहयोग को दिया गया है। इस सहयोग से नंदीका को अपने खेल को निखारने में अभूतपूर्व सहायता मिली। बरेटा शॉटगन गोल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतने की उनकी उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने शुभकामनाएं दीं।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story