कोटा को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और हाड़ौती को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की संभावनाओं के बीच मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी विनोद अग्रवाल ने इसे उभरती हुई नई पर्यटन डेस्टिनेशन बताया है। तीन दिवसीय कोटा प्रवास के दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया और चंबल रिवर फ्रंट सहित विभिन्न पर्यटन आकर्षणों के विकास को लेकर कई सुझाव दिए।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की ओर से विनोद अग्रवाल एवं उनके साथ आए उद्यमियों के दल को मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी, गड़रिया महादेव, सिटी पार्क, गढ़ पैलेस और आभेड़ा महल सहित कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाया गया। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं कोटा व्यापार महासंघ के उपाध्यक्ष सुरेंद्र गोयल विचित्र ने बताया कि विनोद अग्रवाल और उनके साथ आए उद्यमी निजी चार्टर विमान से कोटा पहुंचे थे।

भ्रमण के दौरान उद्यमियों के दल ने कोटा को बेहद खूबसूरत, व्यवस्थित, यातायात मुक्त और संभावनाओं से भरपूर शहर बताते हुए इसकी सराहना की। विभिन्न पर्यटन स्थलों का अवलोकन करने के बाद विनोद अग्रवाल ने कहा कि कोटा देश के बेहतरीन पर्यटन स्थलों में शामिल होने की क्षमता रखता है। यहां पर्यटन विकास की विविध संभावनाएं मौजूद हैं।

उन्होंने चंबल रिवर फ्रंट को दुनिया के सबसे खूबसूरत रिवर फ्रंट में से एक बताते हुए कहा कि इसे और अधिक विकसित कर डेस्टिनेशन वेडिंग, रात्रिकालीन पर्यटन और मनोरंजन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जा सकता है। इसके लिए उन्होंने रिवर फ्रंट पर दुकानों का व्यवस्थित आवंटन करने, मनोरंजन के साधन विकसित करने और एक छोर से दूसरे छोर तक आवागमन के लिए रोपवे सुविधा शुरू करने का सुझाव दिया। साथ ही, पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यहां पांच सितारा श्रेणी का होटल बनाने की आवश्यकता भी बताई।

विनोद अग्रवाल ने इंदौर के प्रसिद्ध सराफा बाजार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां रात 2 बजे तक संचालित होने वाले नाइट टूरिज्म की तर्ज पर कोटा में भी रात्रिकालीन पर्यटन विकसित किया जाना चाहिए। इससे पर्यटकों का रात्रि प्रवास बढ़ेगा और स्थानीय व्यापार के साथ रोजगार के अवसरों को भी नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रमोशन करने पर जोर देते हुए कहा कि यहां की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर, वन्यजीव और आधुनिक पर्यटन आकर्षणों को देश-दुनिया के सामने लाने की जरूरत है। उनके अनुसार, हाड़ौती आने वाले समय में राजस्थान की प्रमुख पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में उभर सकती है।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि फेडरेशन हाड़ौती पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए लगातार सकारात्मक प्रयास कर रही है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप धीरे-धीरे सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं और देशी-विदेशी पर्यटकों का कोटा एवं हाड़ौती क्षेत्र में आगमन लगातार बढ़ रहा है।

अशोक माहेश्वरी ने विनोद अग्रवाल को कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट-2 में शामिल होने का निमंत्रण दिया। साथ ही उनसे मध्य प्रदेश में भी हाड़ौती पर्यटन की खूबसूरती और विशेषताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि ट्रेवल मार्ट से पहले इंदौर एवं भोपाल में रोड शो आयोजित करने की योजना है, ताकि मध्य प्रदेश के लोगों को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों से परिचित कराया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के मुख्य सलाहकार अनिल मुंदड़ा, उद्यमी संजय अग्रवाल एवं डॉ. अजय शर्मा भी उपस्थित रहे। उद्योगपति विनोद अग्रवाल ने होटल फेडरेशन और कोटा व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों की ओर से किए गए विशेष आतिथ्य एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। कोटा प्रवास के दौरान पर्यटन स्थलों के भ्रमण और विकास संबंधी सुझावों से हाड़ौती के पर्यटन को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने तथा नए पर्यटन अवसर विकसित करने की संभावनाएं सामने आईं।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story