कोटा विकास प्राधिकरण आयुक्त से मिले होटल फेडरेशन पदाधिकारी, पर्यटन पर चर्चा
केडीए आयुक्त बचनेश अग्रवाल और होटल फेडरेशन ने चंबल रिवर फ्रंट पर सुविधाओं के विस्तार और आगामी एयरो सिटी परियोजना के जरिए पर्यटन बढ़ाने पर विमर्श किया।

कोटा विकास प्राधिकरण कार्यालय में नवनियुक्त आयुक्त बचनेश अग्रवाल (दाएं) का अभिनंदन करते होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी (बाएं) और मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा (मध्य)।
कोटा, 17 अप्रैल 2026। राजस्थान के हाड़ोती क्षेत्र में पर्यटन की असीम संभावनाओं और इसके एक उभरते हुए वैश्विक डेस्टिनेशन बनने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा ने कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) के नवनियुक्त आयुक्त बचनेश अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के पर्यटन विकास पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान माहेश्वरी ने आयुक्त को अवगत कराया कि कोटा अब निरंतर एक प्रमुख पर्यटन नगरी के रूप में स्थापित हो रहा है, जहां देश-विदेश से आने वाले सैलानियों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की जा रही है। पर्यटन विभाग के आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि विगत तीन माह में ही लगभग 7.5 लाख स्वदेशी और 1321 से अधिक विदेशी पर्यटकों ने कोटा का रुख किया है। देश के विभिन्न कोनों से आने वाले यह पर्यटक हाड़ोती के प्राकृतिक और ऐतिहासिक वैभव को देखने के बाद इसे पूरे वर्ष के लिए एक बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में स्वीकार कर रहे हैं।
बैठक के दौरान अशोक माहेश्वरी ने नाइट टूरिज्म को बढ़ावा देने और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु ठोस सुझाव रखे। उन्होंने विशेष रूप से जग मंदिर एवं लकी ब्रज पर कैफेटेरिया क्षेत्र शुरू करने तथा विश्व प्रसिद्ध चंबल रिवर फ्रंट पर रिक्त पड़ी दुकानों का वाजिब दरों पर शीघ्र आवंटन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। माहेश्वरी ने इस बात पर जोर दिया कि यदि चंबल रिवर फ्रंट पर प्रस्तावित होटलों का निर्माण समय रहते पूर्ण हो जाए, तो इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के डेस्टिनेशन वेडिंग स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। आगामी जुलाई से दिसंबर तक के मुख्य पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए ट्रैवल एजेंट्स द्वारा हाड़ोती की विशेष आइटनरी तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिससे आगामी महीनों में पर्यटकों के बड़े समूहों के आगमन की प्रबल संभावना है। ऐसे में क्षेत्र के पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर को तत्काल मजबूती प्रदान करना अनिवार्य हो गया है।
प्रतिक्रिया स्वरूप, केडीए आयुक्त बचनेश अग्रवाल ने हाड़ोती की प्राकृतिक संपदा, नदियों, अभयारण्यों और धार्मिक स्थलों की समृद्धि को स्वीकार करते हुए इसके सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण चंबल रिवर फ्रंट सहित सभी प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण और वैश्विक स्तर पर उनकी ब्रांडिंग के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। भविष्य की योजनाओं का खाका खींचते हुए उन्होंने बताया कि ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के समीप प्रस्तावित 'एयरो सिटी' योजना के अंतर्गत फाइव स्टार होटल, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर और आधुनिक बाजारों का निर्माण किया जाएगा। यह पहल कोटा को न केवल एक पर्यटन हब बनाएगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देते हुए रोजगार के नवीन अवसर भी सृजित करेगी। कार्यक्रम के अंत में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा केडीए के नवनियुक्त आयुक्त बचनेश अग्रवाल का अभिनंदन कर उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
