विश्व थैलेसीमिया दिवस (08 मई) की पूर्व संध्या पर कोटा ब्लड बैंक सोसायटी शहर में जन-जागरूकता के उद्देश्य से 7 मई को विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। सोसायटी के सचिव राजकुमार जैन ने बताया कि थैलेसीमिया जैसी गंभीर आनुवंशिक बीमारी के प्रति समाज को जागरूक करने और नियमित रक्तदान के महत्व को रेखांकित करने के लिए यह पहल की जा रही है।

यह कार्यक्रम 7 मई, गुरुवार को सायं 5:30 बजे केएसटी परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में युवाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि नई पीढ़ी में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो सके।

राजकुमार जैन ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान थैलेसीमिया के कारणों, लक्षणों एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही आमजन को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध हो सके।

इस संबंध में वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सी.बी. दास गुप्ता ने बताया कि थैलेसीमिया एक गंभीर रक्त विकार है, जिसमें शरीर पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं बना पाता। उन्होंने कहा कि अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण (बीएमटी) इस रोग का स्थायी उपचार है और 2 से 7 वर्ष की आयु में इसके परिणाम अधिक प्रभावी रहते हैं। इसके अतिरिक्त जीन थेरेपी तथा ‘हैप्लो डोनर’ जैसे आधुनिक उपचार विकल्प भी उपलब्ध हैं।

कोटा ब्लड बैंक सोसायटी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर इस जनहित अभियान को सफल बनाएं। संस्था का मानना है कि सामूहिक प्रयासों से ही थैलेसीमिया मुक्त समाज की दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story