अंतर्राष्ट्रीय थैलेसीमिया दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार शाम किशोर सागर तालाब की पाल मानवता, संवेदनाओं और जागरूकता के रंग में रंग गई। लाल परिधानों में सजे थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की मासूम मुस्कान और हाथों में थामे लाल गुब्बारों ने उपस्थित हर व्यक्ति को यह संदेश दिया कि “रक्तदान केवल दान नहीं, किसी जीवन की धड़कन है।”

कोटा ब्लड बैंक सोसायटी, इनरव्हील क्लब कोटा एवं थैलेसीमिया वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित थैलेसीमिया एवं रक्तदान जनजागृति संगोष्ठी में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की थीम लाल रंग रखी गई, जो रक्तदान, जीवन और उम्मीद का प्रतीक बना। बच्चों ने राहगीरों को लाल गुब्बारे भेंट कर थैलेसीमिया और रक्तदान के महत्व पर जागरूक किया, जिससे कई लोग भावुक हो उठे।

कोटा ब्लड बैंक सोसायटी के सचिव राजकुमार जैन ने कहा कि वर्ष 2031 तक कोटा को थैलेसीमिया मुक्त शहर बनाने का लक्ष्य लेकर संस्था निरंतर जनजागृति अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि समाज की सक्रिय भागीदारी और नियमित रक्तदान से ही इस गंभीर बीमारी पर नियंत्रण संभव है।

इनरव्हील क्लब कोटा की अध्यक्ष चारू जैन ने बताया कि क्लब केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि पांच थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को गोद लेकर उनके रक्त चढ़ाने सहित आवश्यक सहयोग की जिम्मेदारी भी निभा रहा है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की मुस्कान ही संस्था की सबसे बड़ी प्रेरणा है।

पूर्व पार्षद सलीना शैरी ने कहा कि लोगों को थैलेसीमिया जांच (HbA2) और नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, जिससे आने वाली पीढ़ियां इस बीमारी से सुरक्षित रह सकें।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थैलेसीमिया वेलफेयर सोसायटी के संरक्षक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि थैलेसीमिया मुक्त कोटा ही नहीं, बल्कि थैलेसीमिया मुक्त भारत के लक्ष्य को भी जनहित कार्यक्रमों में शामिल कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि बच्चों के लिए आयरन चिलैशन की उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं शीघ्र उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

थैलेसीमिया वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष सुनील जैन ने बताया कि कोटा ब्लड बैंक पिछले 25 वर्षों से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को नि:शुल्क रक्त उपलब्ध करवा रहा है, जो आज भी निरंतर जारी है। वहीं सोसायटी के सचिव विजय मित्तल ने जानकारी दी कि अंतर्राष्ट्रीय थैलेसीमिया दिवस पर गुरुवार को कोटा ब्लड बैंक में बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

कार्यक्रम में डॉ. अविनाश बंसल, डॉ. सी.बी. दास गुप्ता, डॉ. नीता जैन, डॉ. प्रीति गौत्तम, अल्का शर्मा, अमरजीत अरोड़ा, सलीम शैरी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा एवं नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन थैलेसीमिया के विरुद्ध जनजागरूकता और रक्तदान संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story