कोटा में आयोजित होगा 16वां प्रांतीय टेंट व्यवसायी महाधिवेशन, जुटेंगे 15000 प्रतिनिधि
हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति की बैठक में तैयारियों पर चर्चा, 6 से 8 सितंबर तक दशहरा ग्राउंड में देश भर के विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान और हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति के पदाधिकारी कोटा में महाधिवेशन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक के दौरान। (बाएं से दाएं: समिति सदस्य और पदाधिकारी अशोक माहेश्वरी के साथ)।
हाड़ौती क्षेत्र में वेडिंग और इवेंट इंडस्ट्री को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा आयोजन होने जा रहा है। आगामी 6, 7 एवं 8 सितंबर को कोटा के दशहरा ग्राउंड में टेंट व्यवसायियों का 16वां प्रांतीय महाधिवेशन आयोजित होगा, जिसमें देशभर से करीब 15 हजार टेंट व्यवसायी और वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे। आयोजन को लेकर हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति की महत्वपूर्ण बैठक होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, कोटा टेंट डीलर समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, सचिव गुरमित सिंह, कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह, उपाध्यक्ष रईस मोहम्मद, सुरेश चित्तौड़ा सहित विभिन्न समितियों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अशोक माहेश्वरी ने कहा कि राजस्थान के टेंट व्यवसायियों का 16वां प्रांतीय महाधिवेशन इस बार कोटा में आयोजित होना हाड़ौती क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े सभी क्षेत्रों को एक मंच पर लाने का संगठित प्रयास होगा। महाधिवेशन में टेंट, लाइट, कैटरिंग, होटल, डेकोरेशन, फर्नीचर, हैंडीक्राफ्ट्स आइटम, साउंड, जनरेटर, आर्टिफिशियल फ्लावर, एसएफएक्स उत्पाद सहित कई क्षेत्रों के उत्पादकों का विस्तृत और व्यवस्थित प्रदर्शन किया जाएगा। व्यवसायियों को अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार का एकीकृत मंच इंडस्ट्री के विभिन्न वर्गों को एक-दूसरे को समझने और जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा। महाधिवेशन में देशभर से करीब 15 हजार टेंट व्यवसायियों एवं वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिनिधियों के कोटा आने से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और हाड़ौती तेजी से डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में उभरेगा।
अशोक माहेश्वरी ने कहा कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान और कोटा व्यापार महासंघ आयोजन को पूर्ण सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि हाड़ौती में पर्यटन विकास की संभावनाओं को देखते हुए आने वाले समय में कोटा डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित हो सकता है, जिससे स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
इस अवसर पर हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल और अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन की तैयारियों के तहत उनकी टीम गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा सहित कई राज्यों का दौरा कर चुकी है। वहां से आयोजन को लेकर उत्साहजनक समर्थन और प्रोत्साहन मिल रहा है। महाधिवेशन में विभिन्न राज्यों से जुड़े व्यवसायी अपने अनुभव, उत्पाद और सेवाएं साझा करेंगे।
उन्होंने बताया कि आयोजन में शामिल होने वाले करीब 15 हजार प्रतिनिधियों के आवास, भोजन, वाहन और पर्यटन स्थलों के भ्रमण की व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान और कोटा व्यापार महासंघ का मार्गदर्शन एवं सहयोग लगातार मिल रहा है।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने विश्वास जताया कि यह महाधिवेशन हाड़ौती की वेडिंग और टेंट इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। देशभर से आने वाले हजारों विजिटर और व्यापारी आयोजन का हिस्सा बनेंगे, जिससे नेटवर्किंग और व्यापारिक संबंध मजबूत होंगे। आयोजन केवल व्यवसाय बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को एक-दूसरे से सीखने, समझने और आगे बढ़ने का अवसर भी देगा।
कोटा टेंट डीलर समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल ने बताया कि 6 से 8 सितंबर तक यह महाधिवेशन कोटा स्थित दशहरा ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और वेडिंग इंडस्ट्री के लिए नए अवसरों का द्वार खोलने वाला साबित होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
