चिकित्सा जगत में 'दुर्लभ से भी अति दुर्लभ' श्रेणी में आने वाले एबी नेगेटिव रक्त समूह की कमी को टीम जीवनदाता के समर्पित सदस्यों ने अपनी जीवटता से दूर कर तीन मरीजों को नया जीवनदान प्रदान किया है। शहर के जागरूक और सेवाभावी रक्तदाताओं ने अपने निजी कार्यों को तिलांजलि देकर मानवता की रक्षा को प्राथमिकता दी, जिससे रक्त के अभाव में जूझ रहे परिवारों की उम्मीदें पुनः जीवित हो उठीं। लायंस क्लब कोटा टेक्नो के निदेशक एवं टीम जीवनदाता के संरक्षक व संयोजक भुवनेश गुप्ता ने बताया कि बूंदी निवासी श्रवण, बूंदी की ही काली बाई और मध्य प्रदेश के गुना निवासी हेमराज कुशवाह को तत्काल एबी नेगेटिव रक्त की आवश्यकता थी। चूंकि यह रक्त समूह मात्र 0.5 प्रतिशत आबादी में ही पाया जाता है, अतः डोनर्स को खोजना एक बड़ी चुनौती थी।

टीम जीवनदाता ने इस जिम्मेदारी को मिशन की तरह लिया और एक-एक कर डोनर्स से संपर्क साधना शुरू किया। इस पुनीत कार्य में सबसे पहली भागीदारी अनिल पारेता ने निभाई, जो जयपुर जाने के लिए तैयार थे, किंतु यात्रा से पूर्व उन्होंने ब्लड सेंटर पहुंचकर अपना 30वां रक्तदान संपन्न किया। इसी कड़ी में चावल व्यवसायी दिनेश राठी ने अपनी सामाजिक सहभागिता दर्ज कराते हुए रक्तदान किया और जनमानस को अपना ब्लड ग्रुप जांच कराने हेतु प्रेरित किया। लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत हेमराज नागर ने रक्त की महत्ता और परिजनों की पीड़ा को समझते हुए पांचवीं बार रक्तदान किया, वहीं सुरक्षा गार्ड मैनेजर राकेश कुमार आर्य ने चौथे डोनर के रूप में रक्तदान कर आपात स्थिति में फंसे मरीजों की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभाई।

संयोजक भुवनेश गुप्ता ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीजों के परिजनों ने रक्त की तलाश में हर संभव प्रयास किए थे, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः टीम जीवनदाता के माध्यम से समय पर रक्त उपलब्ध होने पर ही परिजनों ने राहत की सांस ली। यह घटनाक्रम संदेश देता है कि समय पर किया गया रक्तदान किसी के जीवन की डोर को टूटने से बचा सकता है। टीम ने आमजन से अपना रक्त समूह जांच कराने की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी आपात स्थिति का सामना त्वरित गति से किया जा सके।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story