कर कानूनों में हो रहे व्यापक बदलावों और नई व्यवस्थाओं को समझने के उद्देश्य से टैक्स बार एसोसिएशन, कोटा द्वारा शनिवार को सेवन वंडर रोड स्थित एक निजी होटल में आयकर एवं जीएसटी विषय पर महत्वपूर्ण सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कर क्षेत्र से जुड़े अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कंपनी सेक्रेटरी एवं कर सलाहकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सेमिनार के प्रथम सत्र में दिल्ली से पधारे प्रख्यात कर विशेषज्ञ सीए नितिन कंवर ने आयकर अधिनियम, 2025 पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से आयकर अधिनियम, 2025 लागू हो चुका है। उन्होंने पुराने आयकर कानून एवं नए आयकर अधिनियम, 2025 के मध्य प्रमुख संशोधनों, नई व्यवस्थाओं, अनुपालन संबंधी प्रावधानों तथा करदाताओं पर पड़ने वाले प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी।

सीए नितिन कंवर ने कहा कि नए अधिनियम के लागू होने से करदाताओं, कर अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं कर सलाहकारों को नई धाराओं, नियमों एवं प्रक्रियाओं का गहन अध्ययन करना आवश्यक होगा। उन्होंने बताया कि फाइनेंशियल ईयर एवं एसेसमेंट ईयर की पारंपरिक अवधारणा के स्थान पर टैक्स ईयर व्यवस्था लागू होने से कर निर्धारण एवं अनुपालन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। इसके अतिरिक्त रिटर्न दाखिल करने, आकलन, अपील एवं अन्य प्रक्रियात्मक विषयों में भी कई परिवर्तन किए गए हैं, जिनका प्रत्यक्ष प्रभाव करदाताओं एवं कर व्यवसायियों पर पड़ेगा। व्याख्यान के दौरान उपस्थित सदस्यों ने विषय से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

आयकर सत्र के अध्यक्ष सीए एम.डी. सोनी रहे। उन्होंने विषय की उपयोगिता एवं वर्तमान परिप्रेक्ष्य में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

सेमिनार के द्वितीय सत्र में दिल्ली से पधारीं सीए शैफाली गिरधरवाल ने जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (GSTAT) के गठन, कार्यप्रणाली एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने GSTAT की प्रक्रियाओं का प्रैक्टिकल डेमो प्रस्तुत करते हुए अपील दायर करने एवं संबंधित प्रक्रियाओं को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया। जीएसटी सत्र के अध्यक्ष सीए निखिल जैन रहे, जिन्होंने विषय की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए गोविंद डूडी ने की। इस अवसर पर सचिव सीए टिंकू जैन, उपाध्यक्ष सीए हितेश दयानी, कोषाध्यक्ष सीए विपुल अग्रवाल तथा संयुक्त सचिव सीए शिखा नेभिनानी की विशेष उपस्थिति रही।

संगोष्ठी में प्रमुख रूप से एडवोकेट गोपाल जैन, सीए मिलिंद विजय, एडवोकेट ओम बरोड़िया, एडवोकेट राजकुमार विजय, सीए लोकेश माहेश्वरी, एडवोकेट राकेश जैन, सीए मनोज विजय, एडवोकेट जय कुमार जैन, एडवोकेट नवीन जायसवाल, सीए पुलकित जैन, सीएस आकाश अग्रवाल एवं सीए निखार जैन सहित अनेक अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कंपनी सेक्रेटरी एवं लगभग 200 कर पेशेवर सदस्य उपस्थित रहे।

नवीन सत्र 2026-27 में टैक्स बार एसोसिएशन से जुड़े 18 नए सदस्यों का कार्यक्रम के दौरान सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी नवसदस्यों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा संस्था की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष सीए गोविंद डूडी ने सभी वक्ताओं एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की ज्ञानवर्धक सेमिनार कर क्षेत्र के पेशेवरों को नवीनतम विधिक एवं तकनीकी परिवर्तनों से अवगत कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आयकर अधिनियम 2025 और जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित यह सेमिनार कर पेशेवरों के लिए नई व्यवस्थाओं को समझने तथा बदलते कानूनी ढांचे के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story