कोटा। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर समिति, तलवंडी के तत्वावधान में आयोजित समाज बंधुओं की साधारण आमसभा में एकता और विश्वास का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। सभा में उपस्थित भारी संख्या में सदस्यों ने सर्वसम्मति व्यक्त करते हुए वर्तमान कार्यकारिणी की कार्यशैली पर अपनी मुहर लगाई और आगामी दो वर्षों के लिए पूरी टीम को निर्विरोध पुनर्निर्वाचित कर दिया। इस निर्णय के तहत अध्यक्ष अशोक पहाड़िया एवं मंत्री प्रकाश सामरिया सहित 21 सदस्यीय कार्यकारिणी को पुनः सामाजिक दायित्व सौंपे गए हैं।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अनिल डाबी द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण एवं पवित्र णमोकार मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ। तत्पश्चात, संगठन की पारदर्शिता को रेखांकित करते हुए महामंत्री प्रकाश सामरिया ने पिछली बैठक के कार्यवृत्त का वाचन किया, जबकि कोषाध्यक्ष उपेंद्र जैन ने वार्षिक आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा सदन के पटल पर रखा। अध्यक्ष अशोक पहाड़िया ने अपने प्रतिवेदन में वर्षभर की उपलब्धियों का खाका खींचते हुए साधु-संत समागम, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकार, तप अनुमोदना, युवा शक्ति गठन, भूखंड क्रय तथा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की सफलताओं से अवगत कराया। पूर्व अध्यक्ष सुरेश हरसौरा ने वर्तमान समिति के सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कार्यकाल बढ़ाने का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि और हर्षोल्लास के साथ अनुमोदित किया।

सदन को जैन फेडरेशन के उमेश अजमेरा, महावीर शाह, अजय जैन (सीए), महेश सेठी, धर्मचंद जैन (सीए) एवं पंकज सेठी ने भी संबोधित किया और समाज की प्रगति पर अपने विचार साझा किए। सभा का कुशल संचालन एवं आगंतुकों का आभार प्रदर्शन महामंत्री प्रकाश सामरिया द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव की रूपरेखा भी निर्धारित की गई, जिसके अंतर्गत 28 मार्च को घर-घर जैन ध्वज वितरण, 29 मार्च को प्रभात फेरी तथा 30 मार्च को मूलनायक भगवान महावीर के सामूहिक अभिषेक का आयोजन होगा। विशेष रूप से, 30 मार्च को प्रातः 8 बजे परम पूज्य गणिनी आर्यिका विशुद्ध मति माताजी एवं विज्ञ मति माताजी ससंघ का विहार तलवंडी से दशहरा मैदान के लिए सुनिश्चित किया गया है।

इस गरिमामयी अवसर पर कार्याध्यक्ष पप्पू लुहाड़िया, हेमंत पाटनी, निर्मल जैन, राजेश बरमुंडा, राजकुमार लुहाड़िया, राजेश मंगलम, मनोज पाटनी, सुदर्शन, पिंकेश, शुभम, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में महिला मंडल एवं प्रबुद्ध समाजजन उपस्थित रहे, जिन्होंने समाज की एकजुटता को नई ऊर्जा प्रदान की।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story