स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सतत आदत है” — इसी संदेश के साथ शिक्षा विभाग कर्मचारी गण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां तथा राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में 24 अप्रैल से संचालित “स्वच्छता सप्ताह” का औपचारिक समापन हुआ। कार्यक्रम ने समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी को सशक्त बनाने का स्पष्ट संदेश दिया।

समापन समारोह में हाड़ौती युवा संघ समिति के अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश कुमार मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट-गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों में शिक्षाविद हंसराज मीणा, प्रवीण कुमार शर्मा तथा देवी सिंह राजपुरोहित शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन से हुई।

मुख्य अतिथि दिनेश नायक ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने स्काउट-गाइड और विद्यार्थियों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रकाश जायसवाल ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है और इसके लिए सामूहिक सहयोग अनिवार्य है।

विशिष्ट अतिथि हंसराज मीणा ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति सजग रहने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव का आधार बनते हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता सप्ताह में उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्काउट-गाइड, कब और बुलबुल को सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने सप्ताह भर विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान, जनजागरूकता रैली तथा स्वच्छता शपथ जैसे विविध कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस अवसर पर यूनिट लीडर योगिता महावर, पूजा महावर, संजना पंकज, छाया भारती सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन धरणि कुमारी ने किया।

रेंजर यूनिट लीडर भारती महावर ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छता सप्ताह का औपचारिक समापन हो चुका है, लेकिन अभियान जून माह तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने सभी से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story