कोटा सुभाष नगर में अवैध मांस दुकानों को हटाने की मांग, रहवासियों ने सौंपा ज्ञापन
ज्ञानशांति अस्पताल और बेटी गौरव उद्यान के पास संचालित दुकानों से गंदगी और दुर्गंध की शिकायत, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

कोटा, 9 मार्च। शहर के सुभाष नगर क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर संचालित अवैध मांस की दुकानों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। शुभम मैरिज हॉल के पास चल रही इन दुकानों को हटाने की मांग को लेकर पूर्व पार्षद संजय यादव की अगुवाई में रहवासियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में रहवासियों ने बताया कि मुख्य मार्ग पर संचालित इन अवैध मांस की दुकानों के कारण क्षेत्र में लगातार गंदगी, बदबू और बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि संबंधित स्थान के आसपास प्रसिद्ध ज्ञानशांति अस्पताल और बेटी गौरव उद्यान स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज, उनके परिजन और क्षेत्रवासी आते-जाते रहते हैं। इसके बावजूद मांस विक्रेताओं द्वारा सड़क किनारे ही मांस का अपशिष्ट फेंक दिया जाता है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध और सड़ांध का माहौल बना रहता है।
रहवासियों के अनुसार दुकानों से निकलने वाला मांस का कचरा आवारा कुत्तों को आकर्षित करता है। कुत्ते मांस के लोथड़े उठाकर घरों के बाहर तक ले आते हैं, जिससे बच्चों और राहगीरों के लिए खतरा पैदा हो गया है। लोगों का कहना है कि इस स्थिति के कारण कुत्तों के हमले या काटने की आशंका लगातार बनी रहती है, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि मुख्य मार्ग से इन अवैध मांस की दुकानों को तत्काल हटाकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। रहवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान अशोक जैन खादी, कमलेश यादव, विजय सिंह, राजू रंजन और धनजी यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
