कोटा में सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को सेवन वंडर रोड स्थित एक होटल में वंडर 4 इन 1 एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को व्यवहारिक जानकारी दी गई।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (कोटा शहर) नवीन कुमारी अरोड़ा ने बताया कि कार्यशाला में कोटा शहर के सभी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के इको क्लब प्रभारी अपने-अपने विद्यालय से एक छात्र और एक छात्रा के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान स्व. विमला कपूर ग्रीन फाउंडेशन के अध्यक्ष शम्मी कपूर ने सभी विद्यालयों को नीम एवं अर्जुन के कुल 200 पौधे भेंट कर हरित राजस्थान अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

कार्यशाला के संयोजक एवं पर्यावरण मित्र शारीरिक शिक्षक शिव प्रकाश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा रक्तदान की महत्ता, पर्यावरण संरक्षण, नशा करे नाश और सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर आधारित रही। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का सामाजिक, नैतिक और व्यवहारिक विकास इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। इस वर्ष कार्यशाला की थीम “हम भी स्वस्थ रहें, प्रकृति को भी स्वस्थ रखें” रखी गई।

जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रामचरण मीणा ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। अग्रवाल ब्लड बैंक के निदेशक सुरेंद्र अग्रवाल ने रक्तदान को महादान बताते हुए इसके वैज्ञानिक और सामाजिक महत्व की विस्तार से जानकारी दी।

नारकोटिक्स विभाग के इंस्पेक्टर रविकांत अग्रवाल के साथ शुभम व्यास, पंकज मिश्रा, आशीष भार्गव और अमन अग्रवाल ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया तथा लक्ष्य आधारित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। पर्यावरण संरक्षण विषय पर सेवानिवृत्त सूबेदार भीष्म कुमार चौहान ने प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता को प्रमाणिक तथ्यों के साथ समझाया।

सड़क सुरक्षा विषय पर पुलिस अधिकारी अशोक मीणा ने नवाचारपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में शिक्षा सहकारी समिति 696 के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल एवं सदस्य कमल शर्मा भी उपस्थित रहे। समापन अवसर पर प्रवीण हल्दुनिया ने प्रेरक गीतों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यशाला ने विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सहभागिता का संदेश दिया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story