कोटा, 26 फरवरी 2026। राजस्थान की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक राजधानी कोटा में आज एक महत्वपूर्ण साहित्यिक एवं पर्यटन आयोजन संपन्न हुआ। डॉ. मथुरालाल शर्मा द्वारा मूल रूप से लिखी गई 'हाड़ौती कोटा राज्य के इतिहास' की पुस्तिका के अंग्रेजी रूपांतरण का विमोचन आज होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, डॉ. मनीषा शर्मा, डॉ. प्रमोद गुप्ता, डॉ. प्रिशा गुप्ता, डॉ. सुरेश पांडेय एवं डॉ. विदुषी शर्मा के सानिध्य में गरिमामय तरीके से संपन्न हुआ।

विश्व पटल पर पहुंचेगी हाड़ौती की विरासत

इस विशेष पुस्तिका में कोटा की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत का बेहतरीन ढंग से विवरण प्रस्तुत किया गया है। इसका अंग्रेजी रूपांतरण अमेरिका में निवास करने वाली डॉ. वागीशा शर्मा के द्वारा किया गया है। डॉ. मनीषा शर्मा ने इस अवसर पर बताया कि "डॉ. वागीशा शर्मा द्वारा अंग्रेजी में रूपांतरण की गई कोटा राज्य के इतिहास की पुस्तिका में कोटा की ऐतिहासिक धरोहर, हेरिटेज धरोहर एवं पर्यटन स्थलों के इतिहास के बारे में पूरी तरह से उल्लेख किया गया है जिसका प्रचार-प्रसार अब विश्व स्तर पर किया जा रहा है।"

टूर ऑपरेटर्स की मांग पर हुआ अंग्रेजी प्रकाशन

समारोह को संबोधित करते हुए फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि हाड़ौती के पर्यटन विकास के लिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने जानकारी दी कि "इस पुस्तिका को कोटा राज्य के इतिहास का प्रदर्शन एवं वितरण कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट में आए पूरे देश के ट्यूर ओपरेटरो को वितरण किया गया था जिन्होंने इसे अंग्रेजी रूपांतरण करने के लिए आग्रह किया था क्योंकि आधे से अधिक ट्यूर ओपरेटर्स दक्षिण भारत से आए थे जिन्होंने इच्छा जाहिर की थी उसी को मध्य नजर रखते हुए इसका अंग्रेजी रूपांतरण कर के प्रकाशन किया गया जिसमें पूरे हाडोती का स्वरूप को पूरे विश्व में पहचाना जाएगा।"

विशिष्ट जनों का सम्मान एवं भविष्य की योजनाएं

इस विशेष अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा डॉ. वागीशा शर्मा का दुपट्टा पहनाकर एवं हाड़ौती की सोवेनियर (Sevinier) भेंट कर अभिनंदन व सम्मान किया गया। इसके साथ ही समारोह में मौजूद सभी पर्यटन से जुड़े लोग, इतिहासकार, शिक्षाविद, डॉक्टर एवं सभी अतिथियों को भी कोटा हाड़ौती के पर्यटन पर बनाई गई सोवेनियर भेंट की गई। फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने घोषणा की कि होटल फेडरेशन हाड़ौती के पर्यटन विकास पर बनाई गई 'द लिजेण्ड हाड़ौती' को नए स्वरूप में प्रकाशित कर इसकी 25,000 प्रतियां जारी करेगा।

पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी का समावेश

आगामी प्रकाशनों में कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट और इस वर्ष आयोजित कोटा महोत्सव के माध्यम से हाड़ौती की समृद्धि, विकास और इतिहास के साथ-साथ पिछले वर्षों में विकसित हाड़ौती के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों जैसे चंबल रिवर फ्रंट, किशोर सागर तालाब, गढ़ पैलेस, सिटी पार्क, मुकुंदरा अभ्यारण, रामगढ़ अभ्यारण, तारागढ़ दुर्ग, बांरा का रामगढ़ क्रेटर, भण्डदेवरा, केशोरायपाटन का मंदिर, झालावाड़ का गागरोन दुर्ग, म्यूजियम और चांदखेड़ी मंदिर सहित कई प्रमुख स्थलों की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य इन जानकारियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले ट्रैवल मार्ट में वितरित करना है, ताकि हाड़ौती के पर्यटन स्थलों के इतिहास के बारे में आने वाले पर्यटकों को संपूर्ण जानकारी मिल सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story