कोटा: SSI एसोसिएशन के नए गवर्निंग बोर्ड का शपथ ग्रहण, इंडस्ट्रियल विजिट और स्टार्टअप्स पर जोर
डीसीएम श्रीराम के कार्यकारी निदेशक विनू मेहता ने नवनिर्वाचित टीम को दिलाई शपथ; इंटरनेशनल एक्सपो और बिजनेस कॉन्क्लेव के आयोजन की हुई घोषणा।

बूंदी रोड स्थित तिरुपति रिसॉर्ट में आयोजित समारोह के दौरान एसएसआई एसोसिएशन कोटा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक मेहता, सचिव समीर सूद और टीम के साथ मुख्य अतिथि विनू मेहता।
राजस्थान के कोटा संभाग के औद्योगिक परिदृश्य को नई ऊंचाई प्रदान करने के संकल्प के साथ एसएसआई एसोसिएशन के वर्ष 2026-27 के नवनिर्वाचित गवर्निंग बोर्ड का भव्य 'इंस्टालेशन सेरेमनी' बूंदी रोड स्थित तिरुपति रिसॉर्ट में संपन्न हुई। इस गरिमामय समारोह में संगठन की अभूतपूर्व एकता का प्रदर्शन करते हुए कोटा के औद्योगिक सहयोग और चहुंमुखी विकास पर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रम में कोटा के औद्योगिक जगत से जुड़े 1000 से अधिक उद्यमियों और गणमान्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की महत्ता को प्रमाणित किया।
समारोह के मुख्य अतिथि डीसीएम श्रीराम कोटा के कार्यकारी निदेशक विनू मेहता ने नवनिर्वाचित टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में मेहता ने सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को बड़े उद्योगों की रीढ़ की हड्डी बताते हुए एसएसआई सदस्यों को डीसीएम श्रीराम में 'इंडस्ट्रियल विजिट' हेतु आमंत्रित किया। उन्होंने वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम को समय की मांग बताते हुए कहा कि बड़े उद्योगों और एमएसएमई के बीच बेहतर तालमेल से न केवल गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला भी सशक्त होगी। संस्था के फाउंडर प्रेसिडेंट गोविंद राम मित्तल ने राज्य सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान में एमएसएमई सेक्टर के लिए लागू नई योजनाएं निवेश के द्वार खोल रही हैं।
नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक मेहता ने अपने स्वीकृति भाषण में आगामी कार्यकाल की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने घोषणा की कि एसोसिएशन कोटा के उद्यमियों को 'इंटरनेशनल एक्सपो' में भागीदारी दिलाने, महिला उद्यमिता हेतु राज्य स्तरीय कार्यक्रम और युवाओं के लिए 'शार्क टैंक' मॉडल पर आधारित स्टार्टअप इवेंट्स आयोजित करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देश के विख्यात सेलिब्रिटी बिजनेस कोच हर्षवर्धन जैन का 90 मिनट का विशेष सत्र रहा, जिन्होंने 'बिजनेस एथिक्स और ग्रोथ' विषय पर ऊर्जावान व्याख्यान देते हुए नैतिकता आधारित व्यापार के सूत्र साझा किए।
संस्था के सचिव समीर सूद ने पूर्व अध्यक्षों के मार्गदर्शन की महत्ता बताई, वहीं कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने जानकारी दी कि संस्था की सक्रियता के फलस्वरूप 100 से अधिक नए सदस्यता आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रोजेक्ट चेयरमैन कपिल जैन ने भारी संख्या में सदस्यों की उपस्थिति को आयोजन की ऐतिहासिक सफलता बताया। अंत में प्रेस समन्वयक संजय गोयल ने भविष्य की योजनाओं का खुलासा करते हुए घोषणा की कि अगले माह कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ के एमएसएमई के लिए एक विशाल बिजनेस कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा, जो क्षेत्र के औद्योगिक विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
