कोटा। केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के स्वरूप में बदलाव और राष्ट्रपिता के नाम को हटाए जाने के कथित प्रयासों के खिलाफ राजस्थान के कोटा में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में इस 'मनरेगा बचाओ संग्राम' का शंखनाद किया गया। बैठक में राखी गौतम ने दो टूक शब्दों में कहा कि राजस्थान की धरा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी और इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ कोटा के चप्पे-चप्पे पर उग्र विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस बैठक में कोटा उत्तर, दक्षिण और लाडपुरा विधानसभा क्षेत्रों के ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों को आंदोलन की बागडोर सौंपी गई। राखी गौतम ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार एक गहरी साजिश के तहत न केवल राष्ट्रपिता का नाम योजना से हटा रही है, बल्कि मजदूरों के 100 दिन के काम के संवैधानिक अधिकार को भी खत्म करने पर आमादा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 'जीरामजी योजना' जैसे नए बिलों के माध्यम से गरीब मजदूरों के हक को मुट्ठी में कैद करना चाहती है, जो सीधे तौर पर गरीबों और गांधीवादी मूल्यों पर हमला है।

बैठक का कुशल संचालन जिला महासचिव डॉ. विजय सोनी ने किया, जिन्होंने आंदोलन की आगामी रूपरेखा पर प्रकाश डाला। इस दौरान आंदोलन को वार्ड स्तर तक प्रभावी बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कांग्रेस ने संकल्प लिया है कि वे जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की इन नीतियों का पर्दाफाश करेंगे और सड़क से सदन तक संघर्ष को तेज करेंगे।

इस महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक में कांग्रेस के दिग्गज कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में लाडपुरा ब्लॉक अध्यक्ष अनूप मेहरा, आशु गंभीर, उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष ललित शर्मा, विष्णु मेवाड़ा, दक्षिण ब्लॉक अध्यक्ष जयेश श्रृंगी और जोगेंद्र बिरवाल ने सक्रिय भागीदारी निभाई। साथ ही लाडपुरा मंडल अध्यक्ष पंकज कुमार प्रभाती, रामेश्वर प्रजापति, जीशान अली, कमल गहलोत, उमाशंकर नागर, विनोद बूट, अमृत मीणा, उत्तर मंडल अध्यक्ष लेखराज सैनी, खेमराज सिंह, उषा ठाकुर, ऋषभ माथुर, मुकेश खंगार, दक्षिण मंडल अध्यक्ष मनीष भारद्वाज, चेतन पारेता, धर्मवीर मेघवाल, प्रेम राज पालीवाल, नरेंद्र सिंह हाडा, संजय जैन, मयंक शर्मा और सिद्धिक अंसारी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि जब तक मजदूरों के हक और महात्मा गांधी के सम्मान की पुनः स्थापना नहीं होती, कांग्रेस का यह संग्राम निरंतर जारी रहेगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story