कोटा में शुभकामना परिवार का 18वां राष्ट्रीय अधिवेशन विज्ञान नगर स्थित जैन मंदिर परिसर में आयोजित हुआ। गणिनी आर्यिका 105 स्वस्ति भूषण माताजी ने भक्तामर स्तोत्र के नियमित पाठ को जीवन में सकारात्मक ऊर्जा के संचार का माध्यम बताते हुए कहा कि इससे नकारात्मक ऊर्जा का क्षय होता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान आध्यात्मिक उन्नति के साथ समाज में एकजुटता, परस्पर सहयोग और सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं। शुभकामना परिवार के माध्यम से समाज के लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनकर सहयोग और आत्मीयता की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

माताजी ने ये विचार विज्ञान नगर स्थित जैन मंदिर परिसर में आयोजित शुभकामना परिवार के 18वें राष्ट्रीय अधिवेशन में व्यक्त किए। माताजी के पावन सान्निध्य में हुए इस अधिवेशन की अध्यक्षता इंदौर के समाजसेवी एवं भामाशाह हसमुख जैन गांधी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सकल दिगंबर जैन समाज कोटा के अध्यक्ष प्रकाश बज, विमल नांता, राजमल पाटौदी, आशीष जायसवाल, विनोद टोरड़ी, मनोज जायसवाल, ईश्वर सोनी, अनिल ठौरा, विकास जैन सहारनपुर, सुनील जैन बंधु आगरा, सुरेंद्र जैन और रितेश सेठी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान नवगठित स्वस्ति भक्तामर महिला मंडल विज्ञान नगर ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।

अधिवेशन में देशभर में संचालित शुभकामना परिवार की 400 शाखाओं की गतिविधियों और सामाजिक योगदान को प्रदर्शित किया गया। विभिन्न शाखाओं ने बैनर प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने संगठनात्मक कार्यों की जानकारी दी। इसके साथ ही आचार्य श्री शांति सागर जी महाराज छाणी के चित्र और उनके संदेशों पर आधारित स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। स्लोगन प्रतियोगिता में अरुण जैन, सरस्वती कॉलोनी ने प्रथम, कुसुम जैन, आगरा ने द्वितीय और वंदना जैन, मालपुरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

संगठन के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. विजय रोमा, परतवाड़ा (महाराष्ट्र), रानी जैन, सागर और अनिल ठौरा, कोटा को सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं और सम्मानित कार्यकर्ताओं को जयकुमार कोठारी, भीलवाड़ा तथा रमा जैन, दिल्ली ने पुरस्कार प्रदान किए।

अधिवेशन के दौरान आचार्य ज्ञान सागर महाराज का समाधि दिवस भी श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इसके साथ ही क्षुल्लिका आर्यमति माताजी और आर्यिका संस्कृति भूषण माताजी का पिच्छिका परिवर्तन समारोह आयोजित किया गया। शुभकामना परिवार की स्थापना, संगठनात्मक स्वरूप और गतिविधियों का विस्तृत परिचय सुरेंद्र जैन एवं विकास जैन, सहारनपुर ने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रद्युम्न हरसोरा और यथार्थ पाटनी ने किया। मुख्य संयोजक सुनील जैन बंधु, आगरा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। देशभर की 400 शाखाओं की सहभागिता के साथ संपन्न हुआ यह राष्ट्रीय अधिवेशन धार्मिक गतिविधियों, सामाजिक सहयोग, संगठनात्मक कार्यों और उत्कृष्ट योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं के सम्मान का मंच बना।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story