कोटा। चेतक पार्क स्थित जैन मंदिर के पास शॉपिंग सेंटर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा अमृत महोत्सव में गुरुवार को भक्ति और आध्यात्मिकता की स्वर लहरियां गूंज उठीं। कथावाचक देवीराम बृजवासी ने शुक्रदेवजी के प्राकट्य और भगवान विष्णु के वामन अवतार के प्रसंगों का विस्तार से वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से सराबोर किया। उन्होंने श्रीमद्भागवत के महात्म्य की व्याख्या करते हुए कहा कि भगवान की कथा का श्रवण मनुष्य के अंतर्मन का शुद्धिकरण करता है और उसे जीवन की सही दिशा प्रदान करता है।

कथावाचक देवीराम बृजवासी ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सार्थक बनाने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शक है। इसके नियमित श्रवण से मनुष्य के भीतर भक्ति, सद्भाव और वैराग्य के भाव जागृत होते हैं। शुकदेवजी के प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि शुकदेवजी ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत का ज्ञान देकर उनके लिए भक्ति और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त किया था।

उन्होंने बताया कि जब राजा परीक्षित को अपने जीवन के अंतिम सात दिनों का ज्ञान हुआ तो उन्होंने सांसारिक मोह-माया का त्याग कर भगवान की कथा सुनने का संकल्प लिया। इस दौरान शुकदेवजी ने उन्हें भागवत का उपदेश दिया और समझाया कि मनुष्य का जीवन तभी सार्थक होता है, जब वह परमात्मा के स्मरण और सत्कर्मों में स्वयं को समर्पित करता है।

भगवान विष्णु के वामन अवतार का प्रसंग सुनाते हुए कथावाचक ने बताया कि धर्म और सत्य की स्थापना के लिए भगवान ने वामन ब्राह्मण का रूप धारण किया था। वे राजा बलि के यज्ञ में पहुंचे और उनसे तीन पग भूमि का दान मांगा। राजा बलि ने संकल्पपूर्वक दान देने की स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद भगवान ने विराट स्वरूप धारण कर दो पग में समस्त लोकों को नाप लिया। तीसरा पग रखने के लिए राजा बलि ने अपना शीश समर्पित कर दिया।

कथावाचक ने कहा कि राजा बलि का प्रसंग दान, वचनबद्धता, समर्पण और अहंकार त्याग की प्रेरणा देता है। भगवान अपने भक्तों की परीक्षा अवश्य लेते हैं, लेकिन सच्चे समर्पण से प्रसन्न होकर उन पर अपनी कृपा बरसाते हैं।

भागवत महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं मनुष्य को प्रेम, करुणा, धर्म और निष्काम कर्म का संदेश देती हैं। कथा श्रवण की सार्थकता तभी है, जब इसके उपदेशों को अपने जीवन में आत्मसात किया जाए। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के बीच आध्यात्मिक प्रसंगों का आनंद लिया।

आयोजित श्रीमद्भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक हो रही है। आगामी प्रसंगों के तहत 20 नवंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, नंद महोत्सव एवं बाल लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। 21 नवंबर को बाल लीलाओं से गोवर्धन पूजा तक के प्रसंग सुनाए जाएंगे। 22 नवंबर को महारास से रुक्मिणी मंगल और 23 नवंबर को सुदामा चरित्र एवं उद्धव प्रसंग का वर्णन होगा। वहीं, 24 नवंबर को हवन एवं पूर्णाहुति के साथ श्रीमद्भागवत कथा अमृत महोत्सव का समापन होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story