कोटा में श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन ध्रुव चरित्र और शिव महिमा का वर्णन
जय हिंद नगर में आयोजित कथा में पंडित ऋतुराज शर्मा ने श्रद्धालुओं को नियमित आराधना, योग, प्राणायाम और बच्चों को नैतिक संस्कार देने के लिए प्रेरित किया।

बोरखेड़ा के जय हिंद नगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन प्रवचन देते कथा व्यास पंडित ऋतुराज शर्मा।
बोरखेड़ा स्थित जय हिंद नगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस पर श्रद्धालु ध्रुव चरित्र, शिव महिमा और भक्ति प्रसंगों को सुन भावविभोर हो उठे। कथा व्यास पंडित ऋतुराज शर्मा ने कथा वक्ता और श्रोता के नियमों का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि कथा का उद्देश्य समस्त विश्व का कल्याण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शुकदेव जी महाराज में ये सभी गुण विद्यमान थे, इसलिए उनके द्वारा कही गई कथा का विशेष प्रभाव आज भी जनमानस पर दिखाई देता है।
कथा के दौरान शिव-सती प्रसंग का वर्णन करते हुए कथा व्यास ने कहा कि शिव के बिना मनुष्य शव समान है। उन्होंने पार्थिव शिवलिंग की महिमा का उल्लेख करते हुए नित्य पूजा के महत्व पर प्रकाश डाला और श्रद्धालुओं को नियमित आराधना के लिए प्रेरित किया।
कपिल-देवहूति प्रसंग में योग और प्राणायाम की महत्ता बताते हुए पंडित ऋतुराज शर्मा ने कहा कि नियमित प्राणायाम से मन शुद्ध होता है और व्यक्ति भक्ति मार्ग पर अग्रसर होता है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक साधना के माध्यम से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
ध्रुव चरित्र का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कथा व्यास ने माता को मनुष्य की प्रथम गुरु बताया। उन्होंने कहा कि ध्रुव की माता सुनीति ने उन्हें बचपन से ही भगवत भक्ति के संस्कार दिए, जिसके परिणामस्वरूप ध्रुव को ध्रुवलोक की प्राप्ति हुई। उन्होंने उपस्थित माताओं से बच्चों में धार्मिक और नैतिक संस्कार विकसित करने का आह्वान किया।
कथा के समापन पर राधेश्याम गौतम, मयंक गौतम, राधारानी गौतम और लोकेंद्र शर्मा ने कथा आरती कर प्रसाद वितरण किया। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही और पूरा वातावरण भक्ति एवं श्रद्धा से सराबोर रहा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
