कोटा। शहर की पूनम कॉलोनी में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान नंदोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रसंग सुनते ही कथा पांडाल ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने धर्म प्रचार के साथ जरूरतमंद कन्याओं के निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन के आयोजन को अनुकरणीय सामाजिक पहल बताया और इसमें अपनी ओर से आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।

समाजसेवी शरद चौधरी के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में कथावाचक बाल संत प्रियांशु जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाया। कथा के दौरान बाल कृष्ण के जन्म का वृत्तांत आते ही श्रद्धालु भक्ति में सराबोर हो गए। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने माखन-मिश्री, टॉफी और खिलौने बांटकर तथा पुष्प वर्षा कर नंदोत्सव की खुशियां मनाईं। भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे और नृत्य किया।

कथावाचक बाल संत प्रियांशु जी महाराज ने नंदोत्सव की महिमा बताते हुए कहा कि जब-जब धरती पर धर्म की हानि होती है और अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान अपने भक्तों के कल्याण के लिए अवतार लेते हैं। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म यह संदेश देता है कि जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां आएं, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वालों की सदैव विजय होती है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल सुनने के लिए नहीं, बल्कि भगवान के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने के लिए है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छगन माहुर का मुख्य आयोजक शरद चौधरी और समिति के सदस्यों ने माल्यार्पण कर तथा दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया। माहुर ने व्यास पीठ की आरती उतारी और महाराज श्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए छगन माहुर ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारे और संस्कारों का संचार होता है। भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों को जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने निशुल्क विवाह सम्मेलन में अपनी ओर से आर्थिक सहयोग देने की घोषणा भी की।

माहुर ने कहा कि आयोजक शरद चौधरी ने श्रीमद्भागवत कथा के साथ गरीब और जरूरतमंद कन्याओं के निशुल्क सामूहिक विवाह का जो बीड़ा उठाया है, वह सच्ची मानव सेवा है। ऐसे पुण्य कार्यों में पूरा समाज इनके साथ खड़ा है। यह पहल अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक बनेगी।

मुख्य आयोजक शरद चौधरी ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के विधिवत समापन के बाद विशाल निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें वर-वधू को उपहार स्वरूप गृहस्थी के लिए आवश्यक सामान भी भेंट किया जाएगा।

नंदोत्सव में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी, महिलाएं, बच्चे और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने नंदोत्सव के साथ महाप्रसाद का आनंद लिया। आयोजन समिति के अनिल, तारा सिंह, जवाहर सिंह, अश्विनी, देवानंद जी, राजकुमार, महेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, द्वारका प्रसाद, राजेन्द्र कुमार और अनिल जैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story