कोटा, 23 अगस्त। हाट रोड स्थित श्रावणी तीज मेला महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अंतिम संध्या भारतीय सेना और वीर जवानों के शौर्य को नमन करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित रही। देशभक्ति से ओतप्रोत नाट्य-नृत्य प्रस्तुतियों, फिल्मी गीतों और कलाकारों के सम्मान के बीच पूरा पंडाल ‘भारत माता की जय’ के जयकारों और तालियों से गूंजता रहा।

श्रावणी तीज मेला आयोजन समिति की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या की औपचारिक शुरुआत मेला अध्यक्ष बसंत भरावा एवं संयोजक श्याम भरावा ने आमंत्रित कलाकारों का माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए की। इसके बाद रंगारंग प्रस्तुतियों का दौर शुरू हुआ, जिसने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के संयोजक राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि संध्या का मुख्य आकर्षण ए.के. डांस एकेडमी समूह की नाट्य-नृत्य प्रस्तुति ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रही। कलाकारों के जीवंत अभिनय और देशभक्ति से ओतप्रोत दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोग टकटकी बांधे मंच की ओर देखते रहे और प्रस्तुति के दौरान पूरा पंडाल ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।

इसके बाद एकेडमी की बाल कलाकार दर्शिका तिवारी ने ‘महाभारत’ विषय पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। भाव-भंगिमाओं से सजी इस प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया और लगातार बजती तालियों ने कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

देशभक्ति के माहौल के बीच रॉकस्टार, उमंग और मित्तल ग्रुप के प्रख्यात गीतकार सजल मंडल ने मंच संभाला। उन्होंने ‘ओ देश मेरे’ और ‘जब से तेरे नैना’ जैसे सदाबहार एवं लोकप्रिय फिल्मी गीत सुनाकर माहौल को संगीतमय बना दिया। उनके साथ साथी गीतकार सुरेंद्र, दीपक अरोड़ा, नीरज, जसवंत और शालू ने भी नए-पुराने फिल्मी तरानों की प्रस्तुतियां दीं। गीतों और नृत्यों के इस संगम पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।

समापन संध्या के अवसर पर मेला समिति ने अब तक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले सभी स्थानीय एवं बाहर से आए कलाकारों को सम्मानित किया। इसके साथ ही मेले में मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराने वाले झूला संचालकों और दुकानें लगाने वाले व्यापारियों का भी रंगारंग समारोह के बीच मंच पर अभिनंदन किया गया।

राजाराम कर्मयोगी ने बताया कि 25 अगस्त को भव्य और आकर्षक आतिशबाजी के साथ पूरे श्रावणी तीज मेले का आधिकारिक समापन किया जाएगा। इस तरह सांस्कृतिक मंच की अंतिम संध्या देशभक्ति, कला और मनोरंजन के विविध रंगों के साथ संपन्न हुई।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story