कोटा: चिन्ता हरण हनुमान मन्दिर में गूँजी शहनाइयां, 11 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, उमड़ा जनसैलाब
कोटा के चिन्ता हरण हनुमान मन्दिर में आयोजित भव्य नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन में 11 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। विधायक संदीप शर्मा की उपस्थिति और दीपा किशोरी जी की कथा के बीच भामाशाहों ने उपहारों से नवदम्पत्तियों की झोली भरी। सामाजिक समरसता और सेवा भाव के इस अनूठे आयोजन की पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें।

कोटा। भक्ति और सेवा के अनूठे संगम के साथ कोटा के प्रसिद्ध चिन्ता हरण हनुमान मन्दिर परिसर में मानवता की एक नई मिसाल पेश की गई। अवसर था सर्व समाज के नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का, जहाँ 11 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और सामाजिक समरसता के बीच एक-दूसरे के हमसफर बने। इस भव्य आयोजन ने न केवल निर्धन परिवारों को संबल प्रदान किया, बल्कि समाज में एकजुटता का संदेश भी प्रसारित किया।
आयोजन का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण विधायक श्रीमान संदीप जी शर्मा द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण के साथ किया गया। समारोह की गरिमा बढ़ाते हुए विधायक शर्मा ने नवदम्पत्तियों को उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया। इसके पश्चात क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों से आए 11 जोड़ों ने पारम्परिक रीति-रिवाजों के अनुसार तोरण की रस्म अदा की, जिसके बाद फूलों की वर्षा के बीच वरमाला का कार्यक्रम संपन्न हुआ। मन्दिर प्रांगण में मौजूद पंडितों के समूह ने शुद्ध वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पाणिग्रहण संस्कार की रस्में पूर्ण करवाईं।
इस पुनीत कार्य में भामाशाहों और दानदाताओं ने मुक्त हस्त से सहयोग करते हुए नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का संपूर्ण सामान भेंट किया। उपहार स्वरूप प्रत्येक जोड़े को पलंग, अलमारी, गद्दे, कंबल, पानी की टंकी, कुर्सियां, बाटी कूकर, प्रेस, केसरोल सहित सोने-चांदी के आभूषण प्रदान किए गए, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत सम्मानजनक ढंग से कर सकें। इस दौरान समिति के अध्यक्ष क्रान्ति चन्द नागर, उपाध्यक्ष गौरी शंकर नागर, महामंत्री तुलसी राम सुमन और कोषाध्यक्ष राजेश वैष्णव सहित अन्य पदाधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उपहार सामग्री वितरित की।
विवाह की रस्मों के साथ-साथ यहाँ आध्यात्मिक रस की वर्षा भी हुई। सप्त दिवसीय 'नानी बाई का मायरा' कथा का वाचन दीपा किशोरी जी द्वारा अपनी मधुर वाणी में किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. माणक चन्द जी गोचर ने अपनी ओजस्वी और मधुर भाषा शैली में किया। आयोजन के अंत में सभी वर-वधु, उनके परिजनों और क्षेत्रवासियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहाँ हजारों लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। यह सामूहिक विवाह सम्मेलन कोटा में सामाजिक एकता और परोपकार की एक अमिट छाप छोड़ गया।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
