कोटा की महिला उद्यमियों ने कारोबार विस्तार और नए व्यावसायिक अवसरों की तलाश के लिए एक मंच पर जुटकर नेटवर्किंग की नई संभावनाएं तलाशीं। बीएनआई कोटा डिस्ट्रिक्ट एवं बीएनआई सहज चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में निजी होटल में ‘शी लीड्स’ नेटवर्किंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘कनेक्ट, कोलैबोरेट एंड ग्रो’ थीम पर हुए इस आयोजन में कोटा की 50 महिला उद्यमियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में व्यावसायिक संपर्क मजबूत बनाने, आपसी सहयोग बढ़ाने और नेटवर्किंग के जरिए कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम की प्रोजेक्ट डायरेक्टर सीएस लीना नारंग ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में जीबीआईजेक्स ग्लोबल कॉमर्स काउंसिल की चेयरपर्सन निशिता सुरोलिया तथा राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की यंग वुमन एंटरप्रेन्योर्स (वाईडब्ल्यूई) चेयरपर्सन, नैसकॉम रीजनल काउंसिल की सदस्य एवं क्लाउडमिनिस्टर टेक्नोलॉजीज की सह-संस्थापक चांदनी जग्गा उपस्थित रहीं।

बीएनआई कोटा डिस्ट्रिक्ट के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर पीयूष गुप्ता ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कोटा में महिलाओं द्वारा संचालित व्यवसाय तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ‘शी लीड्स’ जैसे मंच महिला उद्यमियों को एक-दूसरे से जुड़ने, अनुभव साझा करने और नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। जब उद्यमी एक-दूसरे की प्रगति में सहयोगी बनते हैं, तो सामूहिक रूप से कारोबार की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।

मुख्य अतिथि निशिता सुरोलिया ने स्थानीय उत्पादों एवं व्यवसायों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध उत्पादों और उद्यमशीलता को व्यापक बाजार से जोड़ने के लिए मजबूत व्यावसायिक नेटवर्क, बाजार की समझ और प्रभावी रणनीति जरूरी है।

वहीं, चांदनी जग्गा ने राजस्थान से तकनीक आधारित व्यवसाय खड़ा करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने महिला उद्यमियों को तकनीक एवं नवाचार अपनाने, नए अवसरों की पहचान करने और आत्मविश्वास के साथ व्यवसाय विस्तार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण व्यावसायिक परिचय एवं नेटवर्किंग सत्र रहा। इसमें प्रत्येक प्रतिभागी ने अपने व्यवसाय, सेवाओं और उत्पादों की जानकारी साझा की। साथ ही बताया कि वह किस तरह के ग्राहकों, व्यावसायिक साझेदारों और बाजारों से जुड़ना चाहती हैं। कार्यक्रम के विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों के बीच सीधे व्यावसायिक संपर्क स्थापित कराए गए। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आई विशिष्ट अतिथियों एवं महिला उद्यमियों का सम्मान भी किया गया।

पीयूष गुप्ता ने कहा कि व्यवसाय की वास्तविक मजबूती भरोसे और आपसी संबंधों से आती है। ‘शी लीड्स’ का उद्देश्य कोटा की महिला उद्यमियों को ऐसा नेटवर्क उपलब्ध कराना है, जिसके माध्यम से वे स्थानीय सीमाओं से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

कार्यक्रम के समापन पर बीएनआई सहज चैप्टर की लीडरशिप टीम के अध्यक्ष अमान खान, उपाध्यक्ष आयुष जैन एवं सचिव प्रतीक गुप्ता ने अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद आयोजित ओपन नेटवर्किंग सत्र में महिला उद्यमियों ने आपसी संपर्क बढ़ाए और भविष्य में व्यावसायिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

दिसंबर में आयोजित होगा इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट 2.0

बीएनआई कोटा डिस्ट्रिक्ट की ओर से दिसंबर 2026 में तीन दिवसीय ‘इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट 2.0’ आयोजित किया जाएगा। ‘बिजनेस मीट्स डेस्टिनेशन’ थीम पर प्रस्तावित इस समिट में उद्योग, व्यापार और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उद्यमी एक मंच पर जुटेंगे। इसका उद्देश्य कोटा एवं हाड़ौती क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों, निवेश और पर्यटन आधारित कारोबार की नई संभावनाओं को प्रोत्साहित करना है।

‘शी लीड्स’ कार्यक्रम के जरिए महिला उद्यमियों के बीच व्यावसायिक सहयोग और बाजार विस्तार की संभावनाओं को मजबूत करने के साथ बीएनआई कोटा डिस्ट्रिक्ट ने आगामी इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म समिट 2.0 के माध्यम से क्षेत्रीय कारोबार और निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी अपनी आगामी योजना सामने रखी।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story