कोटा में 83 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक गोविंद राम मित्तल को वृद्धजनों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय सम्मान के लिए कोटा से चयनित मित्तल पिछले दो दशकों से वृद्धजनों की सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री निवास, जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठजनों से संवाद किया। कोटा में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की संयुक्त निदेशक सविता कृष्णिया की उपस्थिति में चयनित वरिष्ठजनों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।

वानप्रस्थ सेवा ट्रस्ट से जुड़े गोविंद राम मित्तल ने बताया कि वृद्धजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल मानव सेवा समिति का संचालन किया जा रहा है। यहां निशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है। लखावा में वृद्धजनों के लिए वृद्धाश्रम भी संचालित है।

मित्तल ने बताया कि चार धाम की यात्रा करने में असमर्थ वृद्धजनों के लिए वृद्धाश्रम परिसर में मंदिर का निर्माण कराया गया है, ताकि वे एक ही स्थान पर चार धाम के दर्शन का आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर सकें। इसके अलावा शहर में निशुल्क देह संस्कार प्लांट संचालित किया जा रहा है, जहां सभी को निशुल्क सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।

सम्मान मिलने पर गोविंद राम मित्तल ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि उन सभी वृद्धजनों का सम्मान है, जिनकी सेवा को उन्होंने अपने जीवन का संकल्प बनाया है। उन्होंने कहा कि जीवन के इस पड़ाव पर भी उनका प्रयास यही है कि जरूरतमंद वृद्धजनों को सम्मान, सहारा और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम में कोटा के अन्य चयनित विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत पुरस्कार श्रेणी में दी ह्यूमन हेल्पलाइन ट्रस्ट के मनोज कुमार जैन को वृद्धजनों के लिए हेल्पलाइन, देखभाल, चिकित्सा सहायता एवं पर्यावरण सुरक्षा के क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक समय से किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

संस्थागत श्रेणी में रजत सेवा संस्थान के मुख्य पदाधिकारी निर्मल दीक्षित, वृद्धजन कल्याण समिति के मुख्य पदाधिकारी राजेंद्र गौड़ एवं महासचिव यज्ञदत्त हाड़ा तथा गंगा विजन संस्थान के मुख्य पदाधिकारी अनिल जैन का चयन किया गया। इन संस्थाओं की ओर से भोजनशाला, डे-केयर सेंटर, संरक्षण, आश्रय, पुनर्वास और अन्य कल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

वृद्धजनों के लिए लंबे समय से संचालित इन सेवा कार्यों को राज्य स्तरीय सम्मान के माध्यम से मान्यता मिली है। गोविंद राम मित्तल सहित कोटा के चयनित वरिष्ठजनों और संस्थाओं को उनके सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story