कोटा। वरिष्ठजन समूह गौसेवा संवर्धन समिति द्वारा वर्ष 2025–26 का वार्षिक कार्यक्रम, वार्षिक उत्सव एवं आय-व्यय लेखा-जोखा प्रस्तुति समारोह रविवार, 12 अप्रैल 2026 को बंधा धर्मपुरा स्थित नगर निगम एवं गायत्री परिवार गौशाला में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समिति के सभी सदस्य अपने परिवार सहित उपस्थित रहे। इस अवसर पर समिति द्वारा गौसेवा के अंतर्गत नगर निगम गौशाला में 50 क्विंटल चारा भेंट किया गया तथा गायत्री गौशाला में गौमाता के लिए 20 क्विंटल चारा एवं 1 क्विंटल गुड़ व लापसी अर्पित की गई।

निरंतर गौसेवा और विशाल चारा वितरण अभियान

संयोजक श्री ईश्वर लाल सैनी ने बताया कि समिति द्वारा गौसेवा के लिए चारे की व्यवस्था निरंतर बड़े स्तर पर की जाती है और यह समिति के प्रमुख सेवा कार्यों में से एक है। उन्होंने बताया कि प्रतिमाह लगभग ₹45,000 से ₹55,000 तक की राशि गौशाला एवं गौवंश के लिए चारा वितरण पर व्यय की जाती है। संयोजक श्री ईश्वर लाल सैनी ने बताया कि समिति द्वारा गौशाला, चारा, प्रसाद, पक्षी सेवा एवं अन्य व्यवस्थाओं पर प्रतिमाह लगभग ₹1,00,000 से ₹1,25,000 तक का व्यय किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस स्तर पर निरंतर सेवा कार्य करने वाली समितियाँ बहुत कम हैं।

सामाजिक सरोकार: जल सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण

समिति के अध्यक्ष श्री फूलचंद नागर ने बताया कि समिति द्वारा पिछले लगभग 5 वर्षों में शहर के विभिन्न स्थानों पर 10 से अधिक वाटर कूलर स्थापित किए गए हैं तथा उनके नियमित रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, जिस पर प्रतिमाह लगभग ₹5,000 खर्च किए जाते हैं। इस कार्य में खजांची श्री हेमंत शर्मा का विशेष योगदान रहता है। इसके अतिरिक्त समिति द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत इस वर्ष लगभग 250 विकसित पौधे (5 फीट से अधिक) लगाए गए, जिनकी नियमित देखरेख की जा रही है और सभी पौधे सफलतापूर्वक विकसित हो चुके हैं।

पक्षियों के लिए दाना-पानी और भामाशाहों का सहयोग

समिति के सक्रिय कार्यकर्ता श्री मनोज शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन मेडिकल कॉलेज क्षेत्र, 52 जी के पास कालाबादल के सामने लगभग 50 किलो ज्वार-बाजरा पक्षियों के लिए डाला जाता है, जहाँ हजारों पक्षी प्रसाद ग्रहण करते हैं। पक्षियों के अन्न वितरण पर प्रतिमाह लगभग ₹20,000 खर्च किए जाते हैं। इस पुनीत कार्य में श्री सूर्यज मंजी अग्रवाल द्वारा वर्ष भर में लगभग ₹1,25,000 का आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। ऐसे अनेक भामाशाह भी समिति से जुड़े हैं, जो समय-समय पर सेवा कार्यों में सहयोग प्रदान करते रहते हैं।

धार्मिक अनुष्ठान एवं वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुति

समिति द्वारा प्रत्येक पूर्णिमा को परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए फल वितरण भी किया जाता है। बैठक में वर्ष 2025–26 का आय-व्यय लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से सराहा। संयोजक श्री ईश्वर लाल सैनी ने बताया कि लेखा-जोखा समिति के खजांची श्री हेमंत शर्मा द्वारा तैयार किया गया, जबकि उसे प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी उन्होंने पूर्ण निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ निभाई। कार्यक्रम के अंत में संयोजक ने कहा— "गौसेवा ही परोपकार का सबसे उत्तम मार्ग है और समाज के वरिष्ठ जनों का इस दिशा में आगे आना नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।"

स्नेहभोज और नए सदस्यों का अभिनंदन

कार्यक्रम को वार्षिक उत्सव के रूप में मनाते हुए सभी सदस्य परिवार सहित उपस्थित रहे। गौसेवा के पश्चात स्नेहभोज का आयोजन किया गया, जिसकी व्यवस्था श्री सी.एल. खींची एवं श्री हेमंत शर्मा (विवेकानंद नगर) द्वारा की गई, जिसकी सभी सदस्यों ने सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नए सदस्यों— श्री रामप्रसाद मालव, श्री छितर लाल शर्मा, श्री शांति लाल जांगिड़, श्री धन्ना जी नागर, श्री जगदीश जी नागर एवं श्री ओमप्रकाश जी नागर का माला पहनाकर स्वागत किया गया। समिति के सेवा कार्यों में उपाध्यक्ष श्री ध्वनि शंकर नागर, श्री चंद्र चतुरभुज नागर, श्री सत्यनारायण शर्मा एवं श्री कैलाश नारायण शर्मा सहित अनेक सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story