कोटा में 'व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण' विषय पर संगोष्ठी आयोजित
भारत विकास परिषद माधव शाखा द्वारा आयोजित इस संगोष्ठी में श्रीगुरुजी गोलवलकर के जीवन दर्शन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी।

कोटा में संगोष्ठी के निमंत्रण पत्र का विमोचन करते हुए राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित्त रंजन चौधरी (दाएं से दूसरे) और अन्य पदाधिकारी।
कोटा, 3 जून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघचालक परम पूजनीय माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर 'श्रीगुरुजी' के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनकी दृष्टि को नमन करते हुए, भारत विकास परिषद, माधव शाखा, कोटा द्वारा एक विशेष प्रबुद्धजन संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। श्रीगुरुजी की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय "व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण – गुरुजी का दृष्टिकोण" रखा गया है। यह विचारोत्तेजक संगोष्ठी गुरुवार को श्रीनाथपुरम स्टेडियम के सामने स्थित श्रीराम दिव्य वाटिका, कोटा में संपन्न होगी।
भारत विकास परिषद माधव शाखा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नागर ने बताया कि गुरुजी गोलवलकर का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, संगठन निर्माण, सांस्कृतिक जागरण और व्यक्तित्व विकास के लिए समर्पित रहा है। उनके कालजयी विचार आज भी समाज को संगठित करने और राष्ट्र के सर्वांगीण निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं। इसी उद्देश्य को केंद्र में रखकर प्रबुद्धजनों के बीच यह गहन विमर्श आयोजित किया जा रहा है।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा के कुलगुरु प्रो. निमित रंजन चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। भारत विकास परिषद उत्तर पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री विक्रांत खण्डेलवाल मुख्य वक्ता होंगे, जो गुरुजी के जीवन दर्शन, उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण की अवधारणा पर अपने सारगर्भित विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद माधव शाखा के संस्थापक अध्यक्ष श्री किशन पाठक करेंगे, जबकि कोटा विभाग के माननीय संचालक पन्नालाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करेंगे।
संगोष्ठी के दौरान गुरुजी के चिंतन, व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया, समाज संगठन की अनिवार्य आवश्यकता, राष्ट्र के जीवन में संस्कारों की महती भूमिका और वर्तमान परिप्रेक्ष्य में उनके विचारों की प्रासंगिकता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों के अंतर्गत बुधवार को राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित्त रंजन चौधरी द्वारा संगोष्ठी के निमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर पूर्व क्षेत्रीय संयोजक किशन पाठक, शाखा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नागर और सचिव सतीश गुप्ता उपस्थित रहे। गुरुजी के विचार और उनका दृष्टिकोण आज भी राष्ट्र की प्रगति और चरित्र निर्माण के लिए एक दिशा-दर्शक के रूप में प्रासंगिक हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
