कोटा: स्काउट एवं गाइड के 'स्वच्छता सप्ताह' का हुआ भव्य समापन
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड और शिक्षा सहकारी सभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

कोटा दक्षिण में आयोजित स्वच्छता सप्ताह के समापन समारोह के दौरान स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों को संबोधित करते अतिथि।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण तथा शिक्षा विभाग कर्मचारी गण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में 24 अप्रैल से संचालित विशेष “स्वच्छता सप्ताह” का रविवार को भव्य समापन हुआ। इस समापन समारोह ने समाज में स्वच्छता के प्रति न केवल जागरूकता का प्रसार किया, बल्कि जनभागीदारी को सशक्त बनाने का एक दूरगामी संदेश भी प्रेषित किया।
समारोह के मुख्य अतिथि हाड़ौती युवा संघ समिति के अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश कुमार रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षाविद हंसराज मीणा, प्रवीण कुमार शर्मा एवं देवी सिंह राजपुरोहित उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं स्वागत परंपरा के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि दिनेश नायक ने अपने ओजस्वी संबोधन में इस बात पर बल दिया कि स्वच्छता को मात्र एक अभियान के रूप में न देखकर एक निरंतर आदत के रूप में आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का उत्तरदायित्व है। उन्होंने स्काउट-गाइड और विद्यार्थियों के श्रमदान की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसी जमीनी पहल ही समाज में वास्तविक सकारात्मक परिवर्तन की संवाहक बनती हैं। अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एक स्वस्थ समाज की नींव स्वच्छता पर टिकी है और इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सामूहिक सहयोग अनिवार्य है। विशिष्ट अतिथि हंसराज मीणा ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने परिवेश को स्वच्छ रखने हेतु सदैव सजग रहें, क्योंकि हमारे छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य में बड़े बदलाव का आधार बनते हैं।
सप्ताह भर चली गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्काउट-गाइड, कब और बुलबुल को मंच पर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने विद्यालय परिसर की सफाई, जन-जागरूकता रैलियों और स्वच्छता शपथ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक यह पावन संदेश पहुँचाया। इस गरिमामय अवसर पर यूनिट लीडर योगिता महावर, पूजा महावर, संजना पंकज एवं छाया भारती सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन धरणि कुमारी द्वारा किया गया। रेंजर यूनिट लीडर भारती महावर ने महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि यद्यपि इस सप्ताह का औपचारिक समापन हो गया है, किंतु स्वच्छता का यह महाअभियान जून माह तक निरंतर प्रभावी रहेगा। अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों का आभार प्रकट करते हुए एक स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का दृढ़ संकल्प दोहराया।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
