कोटा स्काउट गाइड ग्रीष्मकालीन कौशल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
कोटा में भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा आत्मनिर्भरता के लिए सिलाई, कंप्यूटर और पेंटिंग जैसे कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कोटा में स्थानीय संघ द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर में भाग लेते हुए प्रतिभागी, जहां उन्हें विभिन्न विधाओं में आत्मनिर्भर बनने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर बालक-बालिकाओं एवं मातृशक्ति के लिए हुनर और आत्मविश्वास का संगम बन गए हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रीष्मकालीन अवकाश का सदुपयोग करते हुए प्रतिभागियों को आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार और व्यक्तित्व विकास के नवीन आयामों से जोड़ना है।
स्थानीय संघ के सचिव प्रकाश जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष तीन प्रमुख केंद्रों पर कौशल विकास गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा में राम विलास रैगर, महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोझड़ी में मुकेश जांगिड़ तथा अनंतपुरा अकैडमी, अनंतपुरा में असलम खान के कुशल निर्देशन में प्रशिक्षण कार्य पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ जारी है। इन केंद्रों पर छात्र-छात्राओं के साथ महिला वर्ग भी उत्साहपूर्वक विभिन्न विधाओं को सीख रहा है। शिविर में मेहंदी कला, नृत्य, ढोलक वादन, कंप्यूटर शिक्षा, इंग्लिश स्पोकन, ब्यूटीशियन, ड्राइंग एंड पेंटिंग तथा सिलाई जैसी रोजगारोन्मुखी और रचनात्मक विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रकाश जायसवाल ने इस पहल के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में मात्र शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक कौशल ही जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं। इसी उद्देश्य से स्थानीय संघ द्वारा इन शिविरों का आयोजन किया गया है ताकि प्रतिभागी अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप दक्षता प्राप्त कर सकें। अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दी जा रही आधुनिक डिजाइन, तकनीकी शिक्षा और संचार कौशल की बारीकियां प्रशिक्षणार्थियों में आत्मविश्वास का संचार कर रही हैं। स्वयं प्रतिभागियों ने भी माना कि यह प्रशिक्षण उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में स्वरोजगार अपनाने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रहा है।
यह शिविर 17 मई से 16 जून तक संचालित किए जा रहे हैं, जिसमें कौशल प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास की प्रेरक गतिविधियां भी शामिल हैं। प्रशिक्षणार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए 13 जून से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें मेहंदी, नृत्य, चित्रकला, सिलाई एवं इंग्लिश स्पोकन जैसी विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। स्काउट-गाइड द्वारा संचालित ये शिविर न केवल समाज में कौशल आधारित शिक्षा को नई दिशा दे रहे हैं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भरता के संकल्प को भी मजबूती प्रदान कर रहे हैं। इन प्रतियोगिताओं को लेकर प्रतिभागियों में विशेष उत्साह है और वे अपने कौशल के बेहतर प्रदर्शन की तैयारी में जुटे हुए हैं।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
