विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर कोटा में विधायक संदीप शर्मा ने किया पौधारोपण, विद्यालय में इंटरलॉकिंग टीनशेड निर्माण को दी स्वीकृति
विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर कोटा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, केशवपुरा सेक्टर 6 में विधायक संदीप शर्मा ने पौधारोपण किया और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए इंटरलॉकिंग प्लेटफॉर्म एवं टीनशेड निर्माण को मौके पर ही स्वीकृति दी। जानिए कार्यक्रम की पूरी जानकारी।

तस्वीर में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, केशवपुरा में पौधारोपण करते हुए नजर आ रहे हैं।
कोटा, 28 जुलाई। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, केशवपुरा सेक्टर 6, कोटा में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा शामिल हुए। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, वार्ड पार्षद नंदकवर हाड़ा, गोपालराम मंडा, लक्ष्मी मेहरा एवं योगेश अहलूवालिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और शिक्षकगणों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण और उनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण उपलब्ध कराना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उनके अनुसार, इस प्रकार के प्रयास विद्यार्थियों और समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनाने का सशक्त संदेश देते हैं।
पौधारोपण कार्यक्रम के बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों की सुविधा से संबंधित एक मांग पत्र विधायक को सौंपा। मांग पत्र में नियमित प्रार्थना सभा तथा सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए विद्यालय परिसर में इंटरलॉकिंग प्लेटफॉर्म एवं टीनशेड निर्माण की आवश्यकता बताई गई।
छात्र-छात्राओं की असुविधा को प्राथमिकता देते हुए विधायक संदीप शर्मा ने मौके पर ही इंटरलॉकिंग प्लेटफॉर्म एवं टीनशेड निर्माण कार्य को अपनी स्वीकृति प्रदान की।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था प्रधान एवं समस्त शाला परिवार ने उपस्थित अतिथियों को स्मृति स्वरूप पौधे भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के व्याख्याता दुष्यंत कुमार ने किया। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ विद्यार्थियों की सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दिए जाने का संदेश सामने आया।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
