बच्चों में मायोपिया से बचाव: कोटा के स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम
डॉ. सुरेश के. पाण्डेय ने 2050 तक वैश्विक मायोपिया अनुमान पर चर्चा की और दो घंटे आउटडोर खेल व स्क्रीन ब्रेक जैसे उपाय बताए।

कोटा के स्कूल में राष्ट्रीय मायोपिया सप्ताह के तहत नेत्र जांच और जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
कोटा। बच्चों में बढ़ती निकट दृष्टिदोष (मायोपिया) की समस्या आने वाले वर्षों में गंभीर चुनौती बन सकती है। इसे लेकर समय रहते जागरूकता और रोकथाम के उपाय अपनाना जरूरी है। राष्ट्रीय मायोपिया जागरूकता सप्ताह (14–20 नवंबर 2026) के तहत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक–1, कोटा में नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सुवि नेत्र चिकित्सालय एवं लेसिक लेज़र सेंटर, कोटा के निदेशक एवं वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. सुरेश के. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को आँखों की विभिन्न समस्याओं और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
डॉ. पाण्डेय ने विद्यार्थियों को मायोपिया (निकट दृष्टिदोष), आँखों में एलर्जी, डिजिटल आई स्ट्रेन, ड्राई आई और भेंगापन जैसी समस्याओं के कारण, लक्षण एवं बचाव के तरीके समझाए। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक अनुमानों के अनुसार वर्ष 2050 तक विश्व के लगभग 5 अरब लोग, यानी करीब आधी आबादी, मायोपिया से प्रभावित हो सकती है। अत्यधिक नजदीक से पढ़ना, स्क्रीन का अधिक उपयोग, बाहरी गतिविधियों की कमी और आनुवंशिक प्रवृत्ति इसके महत्वपूर्ण जोखिम कारक हैं।
उन्होंने मायोपिया से बचाव के लिए 'MYOPIA' के छह अनमोल सूत्र बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित रूप से अपनाने की सलाह दी। इनमें प्रतिदिन लगभग दो घंटे मैदान में खेलना, 20-20-20 नियम याद रखना, पढ़ते समय उचित दूरी बनाए रखना, पोषण एवं पर्याप्त नींद लेना, नियमित आई चेकअप करवाना और आज ही आँखों की सुरक्षा के लिए कदम उठाना शामिल है।
डॉ. पाण्डेय ने कहा कि बच्चों की स्वस्थ आँखें ही विकसित भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। इसके लिए अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्हें बच्चों का अनावश्यक स्क्रीन टाइम कम करने, बाहरी खेलकूद को बढ़ावा देने और नियमित नेत्र परीक्षण के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नेत्र स्वास्थ्य से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। डॉ. पाण्डेय ने सभी सवालों के जवाब सरल भाषा में देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य श्री आर. एस. तंवर, उपप्राचार्य श्री बृजेन्द्र कुमार तिवारी, श्री मनीष कटारा, श्री महेन्द्र सिंह बिथू, श्रीमती रमा हाड़ा एवं समस्त शिक्षकगण का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय मायोपिया जागरूकता सप्ताह के संदेश को रेखांकित करते हुए डॉ. पाण्डेय ने कहा, "मैदान में खेलो, स्क्रीन से ब्रेक लो, आँखों का ध्यान रखो, सपनों को उड़ान दो!" कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कम उम्र से ही आँखों की देखभाल और मायोपिया की रोकथाम के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
