कोटा में पवित्र श्रावण मास के अंतिम सोमवार को श्री मंगलेश्वर महादेव मंदिर व कोट के चमत्कारी बालाजी समिति जयपुर गोल्डन की ओर से महादेव की पालकी नगर भ्रमण के लिए निकाली गई। जयपुर गोल्डन से शुरू हुई इस पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महादेव के अघोर स्वरूप और विचित्र वेशभूषा में शामिल शमशान मंडली यात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 12:00 बजे महादेव के अभिषेक और पंचामृत स्नान से हुई। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे शिव के राजाधिराज स्वरूप के प्रतीक महादेव पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। श्रद्धालुओं ने पालकी को अपने कंधों पर उठा रखा था, जबकि महंत 108 श्री शिवदास जी नागा महाराज बग्गी में सवार होकर यात्रा में शामिल हुए। पालकी में घोड़े, ऊंटगाड़ी और बग्गी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। भक्त डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ते रहे। पालकी में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

महादेव की पालकी जयपुर गोल्डन से प्रारंभ होकर मोहरी के हनुमान जी, गांधी चौक, लिंक रोड रामपुरा, रामपुरा मुख्य मार्ग होते हुए छोटी समाध शिव मंदिर और चंबल घाट पहुंची। यहां से यात्रा रामपुरा, आर्य समाज रोड होते हुए पुनः मंगलेश्वर महादेव मंदिर जयपुर गोल्डन पहुंची। मंदिर पहुंचने के बाद शाम को भव्य आरती और प्रसाद वितरण किया गया।

पालकी यात्रा में जय प्रकाश शर्मा, नंदकिशोर शर्मा, हरि प्रकाश कोली, राजा भैया, अंकित जैन, शोभित अग्रवाल, भूपेश जैन, छत्रपाल सिंह, गिर्राज यश बरथुनिया, संकित जैन सहित बड़ी संख्या में भक्त और समिति सदस्य शामिल हुए।

पालकी में शिव का अघोर रूप आकर्षण का केंद्र रहा। शिव के अघोर स्वरूप के साथ शमशान मंडली भी शामिल रही। शमशान में शिव के साथ निवास करने वाले अघोरियों, प्रेत, पिशाच और गंधर्व की टोली विचित्र वेशभूषा में नृत्य करते हुए चल रही थी। इस प्रस्तुति ने पालकी यात्रा में विशेष आकर्षण पैदा किया।

शोभायात्रा के मार्ग में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पालकी का स्वागत किया। वसुंधरा भवन हिंदू धर्मशाला, मोहरी के हनुमान जी मंदिर, गांधी चौक, लिंक रोड, रघुनाथ चौक, नगर रामपुरा मुख्य मार्ग, ग्रांड होटल की गली और आर्य समाज रोड पर भक्तों ने पुष्प वर्षा कर पालकी का स्वागत किया।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और पेय पदार्थों की व्यवस्था भी की गई। गांधी चौक में लोगों ने साबूदाने की खिचड़ी वितरित की। रघुनाथ चौक में श्रीनगर सेठ गणपति सेवा समिति की ओर से ठंडाई का वितरण किया गया। रामपुरा में राजा शिवशक्ति मंडल रामपुरा ने आइसक्रीम वितरित की, जबकि छोटी समाध मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं को चाय पिलाई गई। आर्य समाज रोड पर भव्य स्वागत करते हुए पुष्प वर्षा की गई और पालकी में शामिल सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तगणों को ठंडाई वितरित की गई।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story