दुग्ध उत्पादक किसानों और पशुपालकों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने की दिशा में सरस डेयरी ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 250 सब्सिडी युक्त कुट्टी मशीनों का वितरण किया। कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (सरस डेयरी) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों और पशुपालकों ने भाग लिया तथा रियायती दर पर मशीनें प्राप्त कर उत्साह व्यक्त किया।

कार्यक्रम में सरस डेयरी अध्यक्ष चैन सिंह राठौड़, रेडक्रॉस सोसायटी के राज्य अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, विधायक संदीप शर्मा, मार्केटिंग सोसायटी अध्यक्ष निहाल सिंह राठौड़ तथा प्रबंध संचालक दिलखुश मीणा ने लाभार्थियों को कुट्टी मशीनों का वितरण किया। इस दौरान 150 विद्युत संचालित तथा 100 स्वचालित कुट्टी मशीनें किसानों को उपलब्ध कराई गईं।

सरस डेयरी अध्यक्ष चैन सिंह राठौड़ ने बताया कि डेयरी द्वारा पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि विद्युत संचालित कुट्टी मशीनों पर 15 हजार रुपये तथा स्वचालित मशीनों पर 5 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। साथ ही चरणबद्ध तरीके से निशुल्क बीज वितरण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों पशुपालक लाभान्वित हो रहे हैं।

रेडक्रॉस सोसायटी के राज्य अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों और पशुपालकों को आधुनिक तकनीक एवं संसाधनों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विधायक संदीप शर्मा ने सरस डेयरी की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि चैन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में डेयरी ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि जो डेयरी कभी लगभग 85 लाख रुपये के घाटे में थी, वह अब करीब 1.85 करोड़ रुपये के लाभ की स्थिति में पहुंच चुकी है। उन्होंने इसे बेहतर प्रबंधन और किसान हितैषी कार्यों का परिणाम बताया।

राठौड़ ने कहा कि आधुनिक कुट्टी मशीनों के उपयोग से पशुओं के लिए चारे की कटाई आसान होगी, श्रम और समय की बचत होगी तथा संतुलित और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे दुग्ध उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन में किसानों एवं पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान किसानों ने सरस डेयरी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि कुट्टी मशीनों के उपयोग से पशुपालन कार्य अधिक सुगम होगा, चारे की बर्बादी कम होगी और उत्पादन लागत में भी कमी आएगी। किसानों ने इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाली उपयोगी पहल बताया।

कार्यक्रम में सरस डेयरी के प्रबंध निदेशक दिलखुश मीणा सहित बड़ी संख्या में कृषक, पशुपालक एवं डेयरी से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में प्रबंध संचालक दिलखुश मीणा ने सभी अतिथियों और किसानों का आभार व्यक्त किया। सरस डेयरी की यह पहल न केवल पशुपालकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी, बल्कि क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण आर्थिक सशक्तिकरण को भी नई गति प्रदान करेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story