कोटा में संस्कार शिविर के दौरान बच्चों ने किया मातृ-पितृ पूजन
महाराजा श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप द्वारा आयोजित शिविर में बच्चों ने पारंपरिक विधि-विधान से माता-पिता और बुजुर्गों का पूजन कर आशीर्वाद लिया।

कोटा के गीताभवन सत्संग आश्रम में महाराजा श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप के संस्कार शिविर के दौरान रविवार को माता-पिता का पूजन कर आशीर्वाद लेते बच्चे और भावुक होते परिजन।
आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में कोटा में आयोजित संस्कार शिविर भावनाओं और श्रद्धा का अनुपम संगम बन गया। महाराजा श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप की चेयरपर्सन पुष्पा गर्ग की अगुवाई में आयोजित संस्कार शिविर में रविवार को मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया गया, जिसमें बच्चों ने अपने माता-पिता एवं बुजुर्गों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आरती उतारी।
गीताभवन सत्संग आश्रम समिति के आचार्य आदित्य कुमार शास्त्री के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण और भावनात्मक दृश्यों से सराबोर रहा। बच्चों ने श्रद्धा भाव से अपने माता-पिता के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान कई अभिभावकों की आँखें नम हो गईं।
शिविर में शामिल प्रियांशी कसेरा ने अपने माता-पिता की आराधना करते हुए कहा कि आप ही इस संसार में मेरे परमेश्वर हो, मैं भविष्य में जो कुछ भी बनूँगी, वह सब आपके ही आशीर्वाद से संभव होगा। वहीं सौरव गुप्ता अपने माता-पिता का पूजन करते समय भाव-विभोर होकर रुआँसे हो गए। लक्ष्य शाक्यवाल ने श्रद्धा के साथ अपने दादाजी के चरण छुए और उनसे लिपट गए। आराध्य एवं धनिष्का शाक्यवाल ने अपनी भावनाओं को शब्द देते हुए कहा कि मेरा संसार और मेरा जहाँ तुम्हीं से है। जब-जब मैं रोई, तुम तड़प उठे, दुनिया का सारा प्यार तुम्हीं से है।
कार्यक्रम संयोजक संजय गोयल ने बताया कि बच्चों के समर्पण, श्रद्धा और पूजन-अर्चन को देखकर माता-पिता तथा दादा-दादी भाव-विह्वल हो उठे। कई अभिभावकों की आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े। उन्होंने बच्चों को गले लगाकर सदैव सुखी, स्वस्थ, ऊर्जावान और चिरंजीवी रहने का मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम संयोजक परमानंद गर्ग, रेणु गोयल, सपना गोयल एवं रामेश्वर विजय ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि संस्कार शिविर के अगले चरण में सोमवार को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत आचार्य गर्ग द्वारा बच्चों को दण्ड प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं गुरु मां सुमन अग्रवाल मेहंदी प्रशिक्षण प्रदान करेंगी तथा ज्योतिषाचार्य आदित्य कुमार शास्त्री द्वारा ज्योतिष की निःशुल्क कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
संस्कार शिविर में आयोजित मातृ-पितृ पूजन दिवस ने न केवल बच्चों में संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को मजबूत किया, बल्कि नई पीढ़ी और बुजुर्गों के बीच भावनात्मक संबंधों को भी सशक्त बनाने का संदेश दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
