राजस्थान के कोटा स्थित शास्त्री नगर, दादाबाड़ी में सनातन धर्म मंदिर सेवा समिति के द्विवार्षिक सत्र 2026-27 एवं 2027-28 का औपचारिक आगाज़ एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुआ। रविवार को मंदिर परिसर स्थित सत्संग सभागार में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी ने मंदिर विकास और धार्मिक सेवा का संकल्प लिया। समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि, नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला एवं समिति अध्यक्ष किशन लाल काबरा द्वारा राधा-कृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन संरक्षक नंद किशोर काल्या ने किया।

संगठन प्रचार मंत्री आर.एस. चतुर्वेदी ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि अध्यक्ष किशन लाल काबरा ने नवनियुक्त महासचिव पुरषोत्तम पंचोली एवं कोषाध्यक्ष शिव नन्द शर्मा सहित 44 सदस्यीय संपूर्ण कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के उपरांत आगामी सत्र के लिए अन्य पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई, जिसमें एस.एल. कुमावत एवं नन्द किशोर काळ्या को संरक्षक, रघुवीर सिंह मेहरा व सुधा रानी शर्मा को उपाध्यक्ष, प्रमोद कुमार भण्डारी को सह सचिव, गोपाल काबरा एवं उमा शंकर मूंदड़ा को सह मंत्री तथा गोपाल लाल मूंदड़ा को सह कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

इसी क्रम में संगठन के विस्तार हेतु राम स्वरूप चतुर्वेदी एवं उषा शर्मा को संगठन प्रचार मंत्री तथा ओम प्रकाश झंवर एवं नरेंद्र कुमार को मंत्री के पद पर नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी के मुख्य सदस्यों के रूप में सत्यनारायण माहेश्वरी, घनश्याम सोनी, चंद्रभान शर्मा, कुंती गौतम, सत्यनारायण गुप्ता एवं ओम प्रकाश शर्मा ने अपना दायित्व ग्रहण किया, जबकि हरि शंकर न्याति एवं ललित कुमार गोयल को सहवारित सदस्य के रूप में टीम में शामिल किया गया।

मुख्य अतिथि राजेश बिरला ने अपने उद्बोधन में दादाबाड़ी क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए मंदिर द्वारा आयोजित की जाने वाली भागवत कथा, नानी बाई का मायरा, हनुमान जयंती एवं निर्जला एकादशी जैसी गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए घोषणा की कि आगामी समय में मंदिर के भव्य मुख्य द्वार (सिंहद्वार) का निर्माण कराया जाएगा और जनसुविधा हेतु तीन स्थायी प्याऊ भी स्थापित किए जाएंगे। इस विशिष्ट अवसर पर महेशचंद अजमेरा, श्यामलाल गुप्ता, सुरेशचंद काबरा, बिठ्ठलदास मूंदड़ा एवं राधेश्याम शादरा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक साक्षी बने। राजेश बिरला ने विश्वास व्यक्त किया कि किशन लाल काबरा के सशक्त नेतृत्व में यह समिति धार्मिक चेतना और सामाजिक सरोकारों को नए आयाम प्रदान करेगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story