कोटा भंडार का बड़ा विस्तार, सस्ती जेनेरिक दवाओं के साथ अनाज ग्रेडिंग और मसालों के कारोबार को मिली मंजूरी
कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार की वार्षिक आमसभा में कारोबार विस्तार के कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिली। अब सस्ती जेनेरिक दवाओं के साथ अनाज ग्रेडिंग, मसाले और दैनिक उपयोग की वस्तुओं का कारोबार भी शुरू होगा, जबकि महावीर नगर सुपर मार्केट स्थायी संपत्ति बन गया।

तस्वीर में कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड की आमसभा के दौरान मंच पर खड़े अतिथि और पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।
कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड ने आमजन को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उपलब्ध कराने की दिशा में अपने कारोबार के विस्तार का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंगलवार को माहेश्वरी भवन में आयोजित वार्षिक आमसभा में वर्ष 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 के कार्यों, वार्षिक प्रतिवेदन तथा वित्तीय विवरण सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिन्हें सदन ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। इसके साथ ही भंडार के व्यापार विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई।
आमसभा में निर्णय लिया गया कि अब कोटा भंडार सस्ती जेनेरिक दवाइयों के साथ-साथ अनाज की ग्रेडिंग, मसालों तथा रोजमर्रा की जरूरत की अन्य वस्तुओं के कारोबार में भी कदम रखेगा। भंडार अध्यक्ष श्री हरिकृष्ण बिरला के अथक प्रयासों से महावीर नगर स्थित सुपर मार्केट अब भंडार की स्थायी संपत्ति बन गया है, जिसे संस्था की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री राजेश कृष्ण बिरला उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोटा भंडार के अध्यक्ष श्री हरिकृष्ण बिरला ने की, जबकि कोटा दक्षिण विधायक श्री संदीप शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्री प्रेमचंद गोचर, पूर्व महापौर श्री राजीव अग्रवाल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री पंकज मेहता, भंडार उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र बिरला सहित सहकारिता क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारी, संचालक मंडल के सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी, प्रतिनिधि सदस्य, सहकारिता विभाग के अधिकारी, भंडार के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि किसी भी सहकारी संस्था की सबसे बड़ी पूंजी जनता का विश्वास होता है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, गुणवत्ता और सेवा की भावना से कार्य करने वाली संस्थाएं ही लंबे समय तक लोगों का भरोसा कायम रखती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार अपने कारोबार का विस्तार करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएगा तथा माननीय प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय सहकारिता मंत्री के "सहकार से समृद्धि" के संकल्प को माननीय लोकसभा अध्यक्ष एवं कोटा-बूंदी सांसद श्री ओम बिरला के मार्गदर्शन में कोटा में साकार करते हुए सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाएगा।
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 1986-87 में जब कोटा भंडार आर्थिक संकट और घाटे से जूझ रहा था, तब श्री ओम बिरला ने अपने अथक प्रयासों से संस्था को घाटे से उबारकर लाभ की स्थिति में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान अध्यक्ष श्री हरिकृष्ण बिरला के नेतृत्व में कोटा भंडार न केवल कोटा बल्कि पूरे प्रदेश के भंडारों में अग्रणी स्थान पर पहुंच चुका है।
कोटा दक्षिण विधायक श्री संदीप शर्मा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं एवं दवाइयां उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना जनसेवा का महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके लिए ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि श्री हरिकृष्ण बिरला के नेतृत्व में संचालक मंडल तथा भंडार का पूरा दल इसी भावना के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक सुपर मार्केट, अनाज ग्रेडिंग एवं प्रोसेसिंग प्लांट, गोदाम निर्माण तथा नए उत्पादों की शुरुआत से किसानों, उपभोक्ताओं और स्थानीय बाजार सभी को लाभ मिलेगा।
भंडार अध्यक्ष श्री हरिकृष्ण बिरला ने कहा कि संस्था का उद्देश्य आमजन को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि बदलती आवश्यकताओं को देखते हुए भंडार अपनी सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ा रहा है तथा भविष्य में अनाज की ग्रेडिंग एवं प्रोसेसिंग, मसालों और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं का कारोबार भी शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गोल्डन ग्रीन वेयरहाउस एवं एग्रो बेस इंडस्ट्रीज योजना के अंतर्गत भंडार द्वारा खरीदे गए 2000 वर्ग मीटर भूखंड पर राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत 500 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है। इसके बाद यह परिसर मेगा भंडार के रूप में विकसित किया जाएगा।
भंडार की महाप्रबंधक श्रीमती बीना बैरवा ने आमसभा में वर्ष 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 के वार्षिक प्रतिवेदन, ऑडिट रिपोर्ट तथा वित्तीय विवरण सदन के समक्ष प्रस्तुत किए। सदन ने सर्वसम्मति से इनका अनुमोदन करते हुए संस्था की प्रगति, व्यापार विस्तार एवं आगामी योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की।
आमसभा के अंत में भंडार के उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र कृष्ण बिरला ने उपस्थित सभी प्रतिनिधि सदस्यों, संचालकों, विभिन्न संस्थाओं के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों, आमंत्रित अतिथियों, प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों, संस्था के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भंडार के उज्ज्वल भविष्य के लिए दिए गए शुभकामनाओं एवं महत्वपूर्ण सुझावों के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। आमसभा में लिए गए निर्णयों के साथ कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार ने अपने व्यापार विस्तार और सहकारिता आधारित जनसेवा की दिशा में अगले चरण की औपचारिक शुरुआत कर दी।

