राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी (RTU) में बीटेक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और साथी को न्याय दिलाने की मांग कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस के लाठीचार्ज ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। धरने पर बैठे विद्यार्थियों पर लाठियां बरसाने और उन्हें घसीटते हुए हिरासत में लेने की कार्रवाई को शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने शर्मनाक, निंदनीय और तानाशाहीपूर्ण बताया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर छात्र विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

राखी गौतम ने कहा कि एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होना और उसके बाद न्याय की मांग कर रहे विद्यार्थियों की आवाज सुनने के बजाय उन पर पुलिस की लाठियां बरसाना भाजपा सरकार की संवेदनहीनता और छात्र विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कोटा देशभर में शिक्षा और कोचिंग नगरी के रूप में जाना जाता है, लेकिन भाजपा शासन में यहां छात्र स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।

गौतम ने कहा कि मृत छात्र के साथी विद्यार्थियों का प्रदर्शन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि अपने साथी को न्याय दिलाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर था। ऐसे में छात्रों से संवाद करने के बजाय पुलिस बल का प्रयोग करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज को लाठी के बल पर दबाने का प्रयास कर रही है। राखी गौतम ने कहा कि सरकार और प्रशासन को पूरे मामले की गंभीरता समझते हुए मृत छात्र की मौत की निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए। इसके साथ ही प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों पर की गई पुलिस कार्रवाई की भी जांच होनी चाहिए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

राखी गौतम ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय मिलने तक उनकी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की।

कांग्रेस कार्यालय प्रभारी डॉ. विजय सोनी ने भी इस घटना की निंदा करते हुए जिला प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है। छात्र की संदिग्ध मौत, न्याय की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन और विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई के मामले में कांग्रेस नेताओं ने निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story