कोटा: फिटनेस सर्टिफिकेट में देरी को लेकर आरटीओ दफ्तर पर कांग्रेस का प्रदर्शन
वाहन स्वामियों ने आरटीओ पर फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने में लापरवाही का आरोप लगाया, चालान और जब्ती की कार्रवाई के विरोध में दिया ज्ञापन।

कोटा में फिटनेस प्रमाण पत्रों में देरी के विरोध में आरटीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोटा दक्षिण के अध्यक्ष जोन्टी बीरवाल और अन्य कार्यकर्ता।
परिवहन विभाग की प्रशासनिक शिथिलता के कारण फिटनेस प्रमाण पत्रों में हो रही अनावश्यक देरी अब सैकड़ों परिवारों की आजीविका के लिए गंभीर संकट बन गई है। इस समस्या के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोटा दक्षिण के अध्यक्ष जोन्टी बीरवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कार्यालय का घेराव किया और अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष जोन्टी बीरवाल ने विभाग पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि परिवहन विभाग द्वारा वाहन स्वामियों से अग्रिम कर और निर्धारित शुल्क की वसूली तो पूरी तत्परता से की जा रही है, परंतु फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने में घोर उदासीनता बरती जा रही है। उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जब विभाग स्वयं समय पर प्रमाण पत्र देने में विफल है, तो उस आधार पर वाहन स्वामियों के चालान काटना और वाहनों को जब्त करना पूरी तरह से अन्यायपूर्ण और जनविरोधी कृत्य है। "टैक्स वसूला, फिटनेस नहीं दी; अब चालान और जब्ती क्यों?" का सवाल उठाते हुए बीरवाल ने स्पष्ट किया कि फिटनेस के अभाव में अनेक वाहन सड़क पर खड़े हैं, जिससे टिपर, डम्पर, 8 सीटर निजी वाहनों एवं इलेक्ट्रिक वाहन संचालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने आरटीओ मनीष शर्मा से कड़े शब्दों में मांग की कि जिन वाहन स्वामियों ने कर एवं शुल्क जमा करवा दिए हैं और जिनके आवेदन लंबित हैं, उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई तत्काल रोकी जाए। साथ ही, लंबित फिटनेस प्रमाण पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर जारी करने की प्रक्रिया को गति दी जाए। जोन्टी बीरवाल ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं हुआ, तो कांग्रेस वाहन मालिकों एवं चालकों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी परिवहन विभाग और राज्य सरकार की होगी।
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर, परिवहन आयुक्त राजस्थान, शहर जिला कांग्रेस कमेटी एवं संबंधित वाहन यूनियनों को भी प्रेषित की गई है। इस विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद त्रिपाठी, निवर्तमान पार्षद कपिल शर्मा, सेवादल जिलाध्यक्ष प्रेम लाहौरिया, कच्ची बस्ती जिलाध्यक्ष शिवराज गुर्जर, मंडल अध्यक्ष सिद्दिक अंसारी, अल्पसंख्यक ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल सलाम, आरटीओ यूनियन अध्यक्ष मो. सलीम मंसूरी, महासचिव खेमराज सुमन, उपाध्यक्ष मिंटू होरा, बद्रीलाल सुमन, कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, मो. हयात, बबलू भाई, लोकेश शर्मा, नवीन सुर्या, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित दाधीच, मुकेश चौधरी, जुल्फिकार अली, महासचिव सुंदर सिंह, रणवीर चौधरी, दिनेश महावर, मनोज अजमेरा, दीपक जैसवाल, आबिद अंसारी, अशफ़ाक अंसारी, आनंद कुमार, अतुल शर्मा टोनी, शशांक, लोकेश, पुरुषोत्तम, सूरज, महबूब अली और मोहसिन खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
