कोटा में सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश करते हुए रोटरी क्लब पद्मिनी ने मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित संस्थान के 280 विशेष बच्चों के लिए एक यादगार पिकनिक का आयोजन किया। इस पहल के माध्यम से बच्चों को मनोरंजन, अपनापन और सामाजिक समावेश का अनुभव कराने का प्रयास किया गया। दिनभर चले कार्यक्रम में बच्चों ने खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और जल क्रीड़ाओं का भरपूर आनंद लिया, जिससे पूरा परिसर उनकी खुशी और उत्साह से गूंज उठा।

झालावाड़ रोड स्थित मूक-बधिर विद्यालय से बच्चों को बसों के माध्यम से थेगड़ा स्थित वाटर पार्क ले जाया गया। यहां उनके लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था की गई, जहां विशेष बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और दिनभर यादगार पल बिताए।

रोटरी क्लब पद्मिनी की अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने कहा कि यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं था, बल्कि विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें अपनापन देने और यह एहसास कराने का प्रयास था कि वे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं।

क्लब सचिव डॉ. प्रीति शर्मा ने बताया कि बच्चों के लिए भोजन, मनोरंजन और सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं विशेष रूप से की गई थीं, ताकि वे बिना किसी संकोच के पूरे दिन का आनंद उठा सकें। उन्होंने कहा कि कई बच्चे अपनी भावनाओं को शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाते, लेकिन उनकी चमकती आंखें, मासूम मुस्कान और उत्साह स्वयं इस पहल की सफलता की कहानी कह रहे थे। उन्होंने बताया कि क्लब का उद्देश्य केवल एक दिन की पिकनिक आयोजित करना नहीं, बल्कि इन बच्चों को ऐसे अनमोल पल देना था, जिन्हें वे लंबे समय तक संजोकर रखें।

इस सेवा अभियान को सफल बनाने में दीप्ति राजावत, डॉ. प्रीति शर्मा, मंजू यादव, सोनिया लखोटिया, रंजना सेठी, अमिता माहेश्वरी, संगीता काबरा, सुमन साबू, सपना सोनी और ज्योति बिहानी सहित क्लब की सभी सदस्याओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। यह आयोजन इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि समाज में समावेश, संवेदनशीलता और सेवा ही सच्चे सामाजिक सरोकारों की पहचान हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story